क्षेत्रीय
01-Feb-2026
...


- आरोपी से 1.40 लाख मूल्य की स्मैक एवं मोटर सायकिल सहित कुल 2.10 लाख का मशरूका जप्त - नशा मुक्त गुना जिला अभियान के अंतर्गत नशा माफियाओं पर सतत निगरानी व सख्त कार्यवाही जारी गुना (ईएमएस)।गुना पुलिस अधीक्षक श्री अंकित सोनी द्वारा गुना जिले को नशा मुक्त जिला बनाने को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता में रखते हुए जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्‍करी, बिक्री एवं इन गतिविधियों में संलिप्‍त माफियाओं के विरूद्ध निरंतर कठोर कार्यवाही के निर्देश अधीनस्थ अधिकारियों को दिए जा रहे हैं । उक्त निर्देशों के पालन में गुना पुलिस द्वारा जिले में नशे के अवैध कारोबार पर निरंतर प्रभावी प्रहार करते हुए नशे के सौदागरों को धरासायी किया जा रहा है । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गुना श्री मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी गुना श्री विवेक अष्‍ठाना के पर्यवेक्षण में फतेहगढ थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अभिषेक तिवारी और उनकी टीम द्वारा राजस्‍थान की ओर से स्‍मैक तस्‍करी कर रहे एक अंतर्राज्यीय नशा तस्कर को गिरफ्तार करने में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की गई है । उल्लेखनीय है कि दिनांक 31 जनवरी 2026 को फतेहगढ़ थाने से पुलिस की एक टीम द्वारा थानांतर्गत छबड़ा रोड़ पर हमीरपुर गांव की पुलिया के पास वाहन चैकिंग की जा रही थी, इसी दौरान छबड़ा की ओर से आ रही एक बजाज प्लेटीना मोटर सायकिल क्रमांक RJ28 SU 7813 के चालक को रोकने का प्रयास किया तो उसने एकदम से गाड़ी की स्पीड बड़ाकर भागने का प्रयास किया, जिसका पुलिस फोर्स द्वारा तत्परता से पीछाकर उसे पकड़ लिया गया । पूछताछ पर उसने अपना नाम अभिमन्यु पुत्र शंभुप्रसाद यादव उम्र 47 साल निवासी दांता थाना कैलबाड़ा जिला बांरा राजस्थान का बताया एवं जिसके पुलिस से बचकर इस तरह भागने से संदेह के आधार पर पुलिस द्वारा विधिवत तलाशी लेने पर उसके पास से 14.70 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक बरामद हुई । आरोपी से बरामद स्मैक अनुमानित कीमत 1.40 लाख रुपये एवं तस्करी में प्रयुक्त मोटर साइकिल कीमती 70 हजार रुपये सहित कुल 2.10 लाख रुपये का मसरुका विधिवत जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया एवं जिसके विरुद्ध फतेहगढ़ थाने में अपराध क्रमांक 21/26, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है । आरोपी के स्मैक तस्‍करी से जुड़े अन्य स्त्रोतों एवं संभावित नेटवर्क के संबंध में भी पुलिस द्वारा विस्तृत जांच की जा रही है । गुना पुलिस द्वारा नशा मुक्त गुना जिला अभियान के अंतर्गत पूर्ण प्रतिबद्धता एवं सख्ती के साथ लगातार कार्यवाहियां की जा रही हैं । फतेहगढ़ थाना पुलिस की यह कार्यवाही नशे के विरूद्ध चलाए जा रहे अभियान में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है । गुना पुलिस की आमजन से अपील है कि यदि किसी को भी मादक पदार्थों की तस्करी अथवा अवैध क्रय-विक्रय की जानकारी मिले, तो तत्काल पुलिस को सूचित कर जिले को नशा मुक्त जिला बनाने में सहभागी बनें । नशे के विरूद्ध फतेहगढ थाना पुलिस की इस उल्लेखनीय कार्यवाही में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अभिषेक तिवारी, सउनि जसरथ दिवाकर, प्रधान आरक्षक विकास भार्गव, प्रधान आरक्षक चंद्रसेन फाल्के, आरक्षक सुनील असैया, आरक्षक बृजेन्द्र कुशवाह, आरक्षक विवेक कुशवाह, आरक्षक कुलदीप धाकड़, आरक्षक दिव्यांश भार्गव, आरक्षक कांजराज, आरक्षक योगेश जाट एवं आरक्षक बृजमोहन की सराहनीय भूमिका रही है । सीताराम नाटानी