मुंबई,(ईएमएस)। फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास पर हुई गोलीबारी के मामले में आज मुंबई क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है। कल की वारदात के बाद पकड़े गए चारों आरोपियों को आज जिला अदालत ने 5 फरवरी तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। पुलिस की 12 विशेष टीमें अब मुख्य साजिशकर्ता शुभम लोंकर की तलाश में जुटी हैं, जिसे इस हमले का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। जांच अधिकारियों ने अदालत को बताया कि आरोपियों से पूछताछ के जरिए इस हमले के पीछे छिपे असली मकसद और हथियारों के नेटवर्क का पर्दाफाश करना जरूरी है। जांच में आए इस ताज़ा मोड़ के बाद रोहित शेट्टी ने बड़ा फैसला लेते हुए अगले 48 घंटों के लिए अपने सभी सार्वजनिक और निजी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। उन्होंने अपने फिल्मी साथियों और शुभचिंतकों से गुजारिश की है कि वे फिलहाल उनके घर न आएं। शेट्टी का मानना है कि घर पर भीड़ जुटने से पुलिस की जांच और वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों के काम में बाधा आ सकती है। हालांकि, वह लगातार अधिकारियों के संपर्क में हैं और आज उन्होंने अपना विस्तृत बयान भी दर्ज कराया है। पुलिस के मुताबिक, कल तड़के हुई इस घटना के तार पुणे और अन्य गिरोहों से जुड़ते दिख रहे हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों से मिली शुरुआती जानकारी के आधार पर पुलिस की टीमें कई ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से जुहू स्थित उनके आवास को छावनी में तब्दील कर दिया है। रोहित शेट्टी ने संदेश दिया है कि वह पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनका पूरा ध्यान अभी कानून की प्रक्रिया में सहयोग करने पर है। फिल्म इंडस्ट्री के लिए यह एक बड़ी खबर है और सबकी नजरें अब पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। वीरेंद्र/ईएमएस/02फरवरी2026 -----------------------------------