क्षेत्रीय
02-Feb-2026
...


- गांव में ताला तोड़कर 1.5 लाख के आभूषण ले भागे बदमाश, ग्रामीणों में आक्रोश ब्यावरा(ईएमएस) सुठालिया थाना क्षेत्र के मऊ गांव में रविवार रात चोरों ने एक प्राचीन मंदिर को निशाना बनाया। अज्ञात बदमाश गांव के राधा-कृष्ण मंदिर से भगवान के चांदी के मुकुट चुरा ले गए। मुकुटों का वजन लगभग 300 से 400 ग्राम है, जिनकी बाजार में कीमत करीब 1.5 लाख रुपए है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। घटना का पता सोमवार सुबह तब चला जब मंदिर के पुजारी दुर्गेश बैरागी रोजाना की तरह सुबह की आरती करने पहुंचे। उन्होंने देखा कि मंदिर के पट का ताला टूटा हुआ था। जब वे अंदर गए तो भगवान की प्रतिमाओं से चांदी के मुकुट गायब थे। पुजारी ने तुरंत ग्रामीणों को इकट्ठा किया। मंदिर में चोरी की खबर सुनते ही बड़ी संख्या में लोग मंदिर पहुंच गए। सूचना मिलते ही सुठालिया थाना प्रभारी अनिल राहौरिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और पुजारी व ग्रामीणों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और संदेहियों की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में पूछताछ शुरू कर दी है। - पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग घटना से ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। समाजसेवी रमेश यादव और अन्य ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि चोरों को जल्द से जल्द पकड़ा जाए। साथ ही गांव और आसपास के क्षेत्रों में रात के समय पुलिस की गश्त बढ़ाई जाए। -निखिल कुमार (ब्यावरा)2/2/2026