क्षेत्रीय
02-Feb-2026
...


- नर्सिंग ऑफिसर से ट्रांसफर के बदले मांगे थे 50 हजार, जबलपुर (ईएमएस)। जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने सोमवार को छिंदवाड़ा के सीएमएचओ कार्यालय में पदस्थ संविदा डाटा मैनेजर को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया, दरअसल डाटा मैनेजर ने एक नर्सिंग आफिसर से पास की क्लीनिक में ट्रांसफर करने के एवज में रिश्वत मांगी थी| लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक अंजुलता पटेल ने बताया कि शिकायतकर्ता 45 वर्षीय पुष्पा वडघरे, जो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रोहनाकला में नर्सिंग ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं, ने लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराई थी। आवेदिका अपना स्थानांतरण रोहनाकला से पास के ही संजीवनी क्लीनिक में करवाना चाहती थीं। इस कार्य के एवज में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के डाटा मैनेजर जितेन्द्र यदुवंशी ने उनसे 50 हजार रुपये की मांग की थी। 2 फरवरी को जैसे ही आवेदिका ने रिश्वत की राशि आरोपी को सौंपी, पहले से तैयार लोकायुक्त की टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई के दौरान निरीक्षक बृजमोहन सिंह नरवरिया, निरीक्षक राहुल गजभिये, उप निरीक्षक शिशिर पांडेय एवं लोकायुक्त जबलपुर की टीम शामिल रही। सुनील साहू / मोनिका / 02 फरवरी 2026