कांकेर(ईएमएस)। उत्तर बस्तर के कापसी वनपरिक्षेत्र में वन विभाग ने अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ अब तक की बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने ग्राम पिपली में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध सागौन की लकड़ी बरामद की।जानकारी के अनुसार, वन विभाग को सूचना मिली थी कि ग्राम पिपली में सागौन लकड़ी का अवैध भंडारण किया गया है। इस पर कापसी वनपरिक्षेत्र की टीम ने दो संदिग्ध आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दी। तलाशी के दौरान 254 नग सागौन जब्त किए गए, जिनका कुल आयतन 7.549 घन मीटर आंका गया। अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 5.13 लाख रुपये बताया गया है। वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ वन अधिनियम, 1927 और छत्तीसगढ़ वन उपज व्यापार विनियमन अधिनियम, 1969 के तहत सख्त कार्रवाई की है। साथ ही लकड़ी परिवहन में उपयोग किए गए साधनों की भी जांच की गई। वन विभाग ने स्पष्ट किया कि जंगलों की सुरक्षा के लिए किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और प्रशासन ने आगे भी ऐसी छापेमारी और निगरानी जारी रखने का संकल्प लिया है। ईएमएस(राकेश गुप्ता)02 फरवरी 2026