02-Feb-2026
...


- 500 सीसीटीवी केमरो के फुटेज खंगालने के बाद आरोपियों तक पहुंची पुलिस - बदमाशो की बिना नम्बर की स्कॉर्पियो जप्त भोपाल (ईएमएस) । नये शहर के कोलार थाना इलाके में फिल्मी अंदाज में रीवा के हिस्ट्रीशीटर बदमाश कुलदीप पर हथौड़े, सब्बल और डंडों से सरेराह कातिलाना हमला करने वाले आरोपियो में शामिल दो बदमाशो को पुलिस ने रीवा से दबोच लिया है। वारदात 25 जनवरी की थी, लगातार 8 दिन के प्रयास के बाद एसआईटी ने पॉच दिनो तक रीवा में डेरा डालते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया है की यह पूरी वारदात अवैध खनन को लेकर क्षेत्र में वर्चस्व बढ़ाने के उद्देश्य से की गई थी। जानकारी के मुताबिक रीवा के चोरहटा थाना इलाके का रहने वाला कुलदीप सिंह वहॉ का हिस्ट्रीशीटर बदमाश है, उसके खिलाफ 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं। हत्या के मामले में साल 2012 के बाद सितंबर 2025 में जमानत पर जेल से बाहर आया है। जिसके द्वारा आरोपी सचिन कुश्वाहा जिसका बैजनाथ जिला रीवा मे क्रेसर एवं माईनिंग का कारोबार है, उसके कारोबार को लेकर पीड़ित व आरोपी सचिन कुश्वाहा का नवंबर 2025 मे झगड़ा हुआ था, जिसके संबंध में थाना चोरहटा जिला रीवा मे दोनो पक्षो के खिलाफ काउंटर केस दर्ज किए गए हैं। इसी रंजिश का बदला लेने के लिये सचिन ने योजना तैयारी की और योजना के तहत 25 जनवरी 2026 को भोपाल के कोलार इलाके में कुलदीप को दो बिना नंबर की कारों से आधा दर्जन से अधिक साथियों के साथ घेरकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले के दौरान सचिन के साथ पवन कुशवाहा, राहुल कुशवाहा, प्रवीण कुशवाहा, कुलदीप कुशवाहा, प्रांजल पाठक, सूरज, अनिल, अखिलेश और साकेत मौजूद थे। आरोपियों ने कुलदीप को बचाने आये उसके के रिश्तेदार अशुमति सिंह के साथ भी मारपीट की थी। घटना के समय पीड़ित की महिला मित्र भी साथ थी। आरोपियों ने हथौड़े, सब्बल और डंडों से हिस्ट्रीशीटर कुलदीप पर हमला कर उसके हाथ-पैर तोड़ दिए थे। उसे तब तक पीटा गया, जब तक वह बेसुध नहीं हो गया। इसके साथ ही उसकी कार में भी तोड़फोड़ की गई। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। वारदात के बाद गंभीर रुप से घायल कुलदीप को इलाज के लिये निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसका इलाज जारी है। सूचना मिलने पर उसके बयानों के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। आरोपी चेहरे पर नकाब पहने और बिना नंबर की कारों से आए थे। आरोपियों की गिरफ्तारी पर 10 हजार को इनाम घोषित किया गया था। उनका सुराग जुटाने के लिये पुलिस टीम ने करीब 500 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंची। इसके बाद पॉच दिनो तक केस की जांच कर रही एसआईटी टीम ने रीवा में ही डेरा डालते हुए दो बदमाशों अनिल कुशवाह और अखिलेश पांडे को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात का मास्टरमाइंड रीवा का एक खदान ठेकेदार बताया जा रहा है। वहीं मामले के फरार आरोपियो के खिलाफ भी पूर्व से मामले दर्ज होना पाये गये है। वह सभी अपने ठिकानो से फरार है, जिनकी गिरफ्तारी के लगातार प्रयास किये जा रहे है। जुनेद / 2 फरवरी