- बदमाशो के खिलाफ होगी सख्ती, बीट सिस्टम किया जायेगा मजबूत - ट्रैफिक पॉलिसी को प्रभावी ढंग से किया जाएगा लागू भोपाल(ईएमएस)। राजधानी में पुलिस कमिश्नरेट सिस्टम लागू होने के पांचवे साल में तीसरे नए पुलिस कमिश्नर को कमान सौपीं गई है। मध्य प्रदेश कैडर के वर्ष 2004 बैच के आईपीएस अधिकारी संजय कुमार को भोपाल का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। उन्होंने सोमवार को अपना चार्ज संभाला, नवागत पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने पुलिस आयुक्त हरिनारायणाचारी मिश्र से पदभार ग्रहण किया। इसके बाद अधिकारियों से औपचारिक भेंट करते हुए मीडिया से भी चर्चा की। इससे पहले वे बालाघाट जोन में पुलिस महानिरीक्षक के पद पर पदस्थ थे। आईपीएस संजय कुमार प्रदेश के कई जिलों में बतौर पुलिस अधीक्षक अपनी सेवाएं दे चुके हैं। संजय कुमार बालाघाट को नक्सल मुक्त करने के लिए जवानों के साथ जंगलों में जाकर निर्णायक लड़ाई की। संजय कुमार करीब 12 साल पहले भोपाल में एसपी पुलिस मुख्यालय के पद पर भी रह चुके हैं। उनके अनुभव और कार्यशैली से भोपाल पुलिस कमिश्नरेट सिस्टम को मजबूती मिलेगी। मीडिया से चर्चा के दौरान संजय कुमार ने अपनी प्राथमिकताओं और कार्य योजना को स्पष्ट करते हुए कहा की मेरा फोकस टीम वर्क और बेहतर पुलिसिंग व्यवस्था पर रहेगा। इसके लिए बीट सिस्टम को और अधिक प्रभावी बनाएंगे, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और फील्ड स्तर पर पुलिस की मौजूदगी मजबूत हो। कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता में रखते हुए पुलिसिंग के सभी पहलुओं पर गंभीरता से काम करते हुए पहले से लागू व्यवस्थाओं की समीक्षा कर उन्हें और बेहतर तरीके से लागू किया जाएगा। बदमाशों पर किसी भी तरह की रियायत नहीं दी जाएगी। सभी अपराधिक प्रकरणो में आरोपियो के खिलाफ सख्त और त्वरित कार्रवाई की जाएगी। उन्होनें कहा की अपराधियों में पुलिस का डर बनाए रखना जरूरी है, ताकि कानून व्यवस्था कायम रह सके। भोपाल जैसे शहर के लिए ट्रैफिक सबसे महत्वपूर्ण मुद्दों में से एक है, इसे प्राथमिकता पर लिया जाएगा। पुरानी ट्रैफिक पॉलिसी को प्रभावी ढंग से लागू करने के साथ ही जरूरत पड़ने पर उसमें सुधार किये जायेगें, ताकि शहरवासियों को राहत मिल सके। इसके साथ ही महिला सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान रखा जायेगा। जुनेद / 2 फरवरी