क्षेत्रीय
02-Feb-2026
...


ब्यावरा(ईएमएस) नगर के पास डोबडा गांडोबड़ाव के सलूजा वेयरहाउस में रविवार रात हथियारबंद बदमाशों ने डकैती की। नकाबपोश बदमाशों ने वहां तैनात चौकीदारों को बंधक बनाया और करीब 15 क्विंटल गेहूं लूटकर भाग गए। बताया जा रहा है कि करीब 2 दर्जन बदमाश सीढ़ी लगाकर वेयरहाउस की दीवार फांदकर अंदर घुसे। उन्होंने वहां मौजूद चौकीदार हरिसिंह और दशरथ सिंह को बंदूक और चाकू दिखाकर करीब दो घंटे तक कब्जे में रखा। इसके बाद बदमाशों ने कटर से ताले तोड़े और लोडिंग गाड़ी में गेहूं की 30 बोरियां भरकर रफूचक्कर हो गए। घटना की खबर मिलते ही सोमवार को पुलिस और वेयरहाउस के मालिक मौके पर पहुंचे। पुलिस हाईवे के टोल प्लाजा, ढाबों और होटलों के सीसीटीवी फुटेज चेक कर रही है ताकि बदमाशों का सुराग मिल सके। वेयरहाउस कॉर्पोरेशन की मैनेजर दीप्ति सिंह ने बताया कि करीब 22-25 नकाबपोश लोग आए थे जिन्होंने डरा-धमकाकर लूटपाट की है । ब्यावरा शहर थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह धाकड़ ने बताया कि फिलहाल 4-5 नकाबपोशों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि घटना के कुछ पहलू संदिग्ध लग रहे हैं, इसलिए हर एंगल से जांच की जा रही है। चौकीदारों से भी इस बारे में विस्तार से पूछताछ की गई है। -निखिल कुमार (ब्यावरा)2/2/2026