अंतर्राष्ट्रीय
02-Feb-2026


वाशिंगटन,(ईएमएस)। भारतीय मूल की अमेरिकी डिप्लोमैट निक्की हेली के बेटे नलिन हेली ने फिर भारत को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया है। हेली के बेटे ने भारत की आलोचना कर अपनी सीमाएं भी लांघ दी हैं। उन्होंने अपने बयान में भारत सरकार को ‘चीप’ कह दिया है। उन्होंने कहा है कि भारत अमेरिका का सहयोगी नहीं है और वह कई देशों से सस्ते सामान खरीदता है, क्योंकि वहां की सरकार ही सस्ती है। नलिन ने हाल ही में पोस्ट में भारत के खिलाफ हमला बोलकर अमेरिका के भारत के साथ मौजूदा डिप्लोमैटिक संबंध बनाए रखने का विरोध किया। हेली ने तर्क दिया कि भारत एक भरोसेमंद अमेरिकी पार्टनर के तौर पर खरा नहीं उतरा है। उन्होंने लिखा, भारत अमेरिका का अच्छा सहयोगी नहीं रहा है। वे अमेरिका को सस्ता लेबर भेजते हैं, ईरान से सस्ता तेल खरीदते हैं,और रूस से सस्ते हथियार खरीदते हैं क्योंकि उनकी सरकार सस्ती है। हेली ने लिखा, “और यह सिर्फ भारत की बात नहीं है। अमेरिका को बहुत से सहयोगियों के साथ अपने संबंधों का फिर से मूल्यांकन करने की जरूरत है।” बात दें कि हेली इससे पहले भी भारत के खिलाफ बयानबाजी कर चुके हैं। उन्होंने कई बार खुद को अपनी भारतीय जड़ों से भी दूर करने की कोशिश की है। पिछले साल दिसंबर में जब भारत ने अमेरिका के साथ एच-1बी वीजा प्रोसेसिंग में लंबी देरी का मुद्दा उठाया था, तब हेली ने कहा था कि भारत का रुख फंसे हुए प्रोफेशनल्स की चिंता से कम और उनके भेजे गए पैसे को जेब में डालने की इच्छा से ज्यादा प्रेरित था। आशीष दुबे / 02 फरवरी 2026