मनोरंजन
03-Feb-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड अभिनेत्री प्रीति जिंटा चुलबुली मुस्कान, बेबाक अंदाज और नैचुरल एक्टिंग के जरिए बॉलीवुड में एक अलग पहचान बना चुकी है। बहुत कम लोगों को मालूम हो कि प्रीति जिंटा ने फिल्मी दुनिया में कॅरियर बनाने का फैसला सिक्का उछालकर तय किया था। प्रीति का जन्म 31 जनवरी 1975 को शिमला में हुआ था। पिता दुर्गानंद जिंटा भारतीय सेना में अधिकारी थे, जबकि मां नीलप्रभा गृहिणी थीं। जब प्रीति केवल 13 साल की थीं, तब एक सड़क दुर्घटना में उनके पिता का निधन हो गया और मां लंबे समय तक गंभीर रूप से घायल रहीं। इस हादसे ने प्रीति को कम उम्र में ही परिपक्व बना दिया। पढ़ाई में हमेशा आगे रहने वाली प्रीति ने शिमला से स्कूली शिक्षा पूरी की, फिर इंग्लिश ऑनर्स में ग्रेजुएशन किया और इसके बाद क्रिमिनल साइकोलॉजी में पोस्ट ग्रेजुएशन भी किया। फिल्मी दुनिया में आने की कहानी उतनी ही दिलचस्प है जितनी उनकी फिल्मों के किरदार। एक इंटरव्यू में प्रीति ने बताया था कि निर्देशक शेखर कपूर उन्हें फिल्म ‘तारा रम पम पम’ के लिए साइन करना चाहते थे। वह निर्णय को किस्मत पर छोड़ते हुए बोलीं—अगर मेरी किस्मत में यही लिखा है तो सिक्का उछालकर तय कर लूंगी। सिक्के पर हेड आया और उसी पल प्रीति ने ठान लिया कि वह एक्टिंग की दुनिया में कदम रखेंगी। हालांकि यह फिल्म बाद में सैफ अली खान और रानी मुखर्जी के साथ बनी, लेकिन प्रीति के लिए नए रास्ते खुल चुके थे। उन्होंने 1998 में शाहरुख खान की फिल्म ‘दिल से’ से डेब्यू किया। छोटे रोल में भी उनकी मासूमियत और स्क्रीन प्रेजेंस ने दर्शकों को खासा प्रभावित किया। इसके बाद ‘सोल्जर’, ‘क्या कहना’, ‘संघर्ष’, ‘दिल चाहता है’, ‘कल हो ना हो’, ‘वीर-जारा’, ‘सलाम नमस्ते’ और ‘कभी अलविदा ना कहना’ जैसी फिल्मों ने उन्हें बॉलीवुड की टॉप अभिनेत्रियों की सूची में शामिल कर दिया। अभिनय के लिए उन्हें कई पुरस्कार मिले, जिनमें ‘कल हो ना हो’ का फिल्मफेयर अवॉर्ड भी शामिल है। साल 2016 में उन्होंने अमेरिकी बिजनेसमैन जीन गुडइनफ से शादी की और आज वह अमेरिका में अपने पति और जुड़वा बच्चों के साथ खुशहाल जीवन जी रही हैं। सुदामा/ईएमएस 03 फरवरी 2026