मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड अभिनेत्री अमृता अरोड़ा भले ही आज फिल्मों से दूर हों, लेकिन शोबिज की चमक में उनका नाम अब भी उतनी ही गर्मजोशी से लिया जाता है। अपना जन्मदिन मना रहीं अमृता का फिल्मी सफर लंबा भले न रहा हो, लेकिन उन्होंने इंडस्ट्री में अपनी एक अलग पहचान जरूर बनाई। 31 जनवरी 1978 को मुंबई में जन्मीं अमृता मलयाली कैथोलिक परिवार से ताल्लुक रखती हैं। फिल्मों में कदम रखने से पहले वे टीवी की जानी-मानी शख्सियत थीं। मात्र 17 साल की उम्र में ही उन्होंने एमटीवी के लोकप्रिय शोज ‘हाउसफुल’ और ‘चिल आउट’ को होस्ट किया और बतौर वीजे खूब लोकप्रियता हासिल की। टीवी से फिल्मी दुनिया में उनका सफर 2002 की फिल्म ‘कितने दूर कितने पास’ से शुरू हुआ। इसके बाद उन्होंने ‘आवारा पागल दीवाना’, ‘गर्लफ्रेंड’, ‘एक और एक ग्यारह’, ‘मुझसे शादी करोगी’, ‘गोलमाल रिटर्न’ और ‘कमबख्त इश्क’ जैसी कई फिल्मों में अभिनय किया। हालांकि उनकी ज्यादातर फिल्में औसत रहीं और उन्हें वह सफलता नहीं मिल पाई जिसकी उन्हें उम्मीद थी। करीयर भले ही उम्मीद के मुताबिक नहीं चला, लेकिन साल 2009 में अमृता ने शकील से शादी करके फिल्मों से दूरी बना ली। उनकी शादी भी बेहद चर्चा में रही, क्योंकि शकील पहले अमृता की एक करीबी सहेली के पति थे। इसके बावजूद अमृता ने विवादों पर कभी खुलकर प्रतिक्रिया नहीं दी और आज वह अपने पति और दो बेटों के साथ खुशहाल जीवन जी रही हैं। अमृता का ग्लैमर दुनिया से कनेक्शन अभी भी मजबूत है। करीना कपूर खान और मलाइका अरोड़ा के साथ उनकी दोस्ती बॉलीवुड की सबसे चर्चित तिकड़ी में से एक मानी जाती है। तीनों अक्सर पार्टियों, वेकेशन्स और सोशल मीडिया पोस्ट्स के जरिए सुर्खियों में रहती हैं, जिससे अमृता शोबिज का हिस्सा बनी रहती हैं। फिल्मों से दूर होने के बाद अमृता ने बिजनेस की दुनिया में भी कदम रखा। उन्होंने अपने पति के साथ मिलकर गोवा के अंजुना बीच पर लग्ज़री रेस्तरां ‘जोलेन बाय द सी’ की शुरुआत की, जो अपने शानदार इंटीरियर और स्वादिष्ट मेनू के लिए मशहूर है। सुदामा/ईएमएस 03 फरवरी 2026