हैदराबाद (ईएमएस)। पूर्व क्रिकेटर अंबाती रायडू ने भारतीय टी20 टीम की जमकर सराहना करते हुए कहा कि इस बार भी वह खिताब जीत सकती है। भारतीय टीम ने पिछल बार वेस्टइंडीज और अमेरिका में हुए विश्वकप को जीता था। जिससे वह इस बार भी बरकरार रखना चाहेगी। रायडू के अुनसार जिस प्रकार से भारतीय टीम अच्छे फार्म में है। उससे वह अपना विश्वकप खिताब बरकरार रखने में सक्षम नजर आती है। भारतयी टीम ने जिस प्रकार से न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैच की सीरीज में खेला है उससे रायडू बेहद प्रभावित हैं। भारतीय टीम ने पांच मैचों की सीरीज 4-1 से जीती है। रायडू ने कहा कि टीम का आत्मविश्वास, रुख और निडर क्रिकेट यह दिखाता है कि भारत आने वाले बड़े टूर्नामेंट के लिए पूरी तरह तैयार है। रायडू ने कहा कि इस भारतीय टीम की सोच बाकी टीमों से अलग है। उनके अनुसार, खिलाड़ी बिना किसी दबाव के खेल रहे हैं और यही निडरता उन्हें आक्रामक बनाती है। इसलिए भारतीय टीम के पास वह सब है जो विश्वकप जीतने के लिए चाहिये। ऐेसे में अगर टीम सही दिशा में रहीं, तो 2026 में भी भारतीय टीम ट्रॉफी जीत सकती है। भारतीय टीम को विश्वकप में अपना पहला मैच 7 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में संयुक्त राज्य अमेरिका (यूएसए) से खेलना है। इसके बाद टीम इंडिया नई दिल्ली में नामीबिया, कोलंबो में पाकिस्तान और अहमदाबाद में नीदरलैंड के खिलाफ ग्रुप मैच खेलेगी। यह टी20 विश्व कप भारत के लिए विशेष होगा, क्योंकि यह पहला बड़ा टूर्नामेंट है जिसमें टीम अनुभवी खिलाड़ियों रोहित शर्मा, विराट कोहली और रवींद्र जडेजा के बिना उतरेगी। इन तीनों दिग्गजों ने ही साल 2024 में खिताब जीतने के बाद संन्यास ले लिया था। रायडू ने माना कि इन दिग्गजों के अनुभव की कमी जरूर महसूस होगी पर साथ ही कहा कि इनके बिना उतर रही युवा टीम के लिए अपने को साबित करने का अच्छा अवसर रहेगा। रायडू का मानना है कि सूर्यकुमार की कप्तानी में यह टीम नये उत्साह के साथ खेल रही है। उन्होंने कहा कि सूर्या और पूरी टीम अपने घरेलू मैदानों पर होने जा रहे इस टूर्नामेंट को जीतने के लिए पूरी ताकत लगा देगी। रायडू आजकर गोवा में जारी वर्ल्ड लेजेंड्स प्रो T20 लीग में भी हिस्सा ले रहे हैं। गिरजा/ईएमएस 03फरवरी 2026