03-Feb-2026
...


कोरबा (ईएमएस) भारतीय जनता पार्टी, जिला कोरबा के लिए आज का दिन संगठनात्मक इतिहास में स्वर्णाक्षरों में दर्ज होने वाला ऐतिहासिक एवं अत्यंत गौरवपूर्ण क्षण बन गया। जिले के नवीन जिला कार्यालय “अटल स्मृति भवन” के भूमिपूजन एवं शिलान्यास समारोह का आयोजन भव्यता, गरिमा और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के करकमलों से भूमिपूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम स्थल पर कार्यकर्ताओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि अत्याधुनिक तकनीक एवं आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह नवीन कार्यालय न केवल संगठनात्मक गतिविधियों का केंद्र बनेगा, बल्कि भाजपा की विचारधारा, संस्कार और सेवाभाव का सशक्त प्रेरणास्थल भी सिद्ध होगा। यह कार्यालय अंत्योदय, सुशासन और जनसेवा के संकल्प को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा। कोरबा जैसे औद्योगिक और श्रमिक बाहुल्य जिले में यह भवन संगठन को नई ऊर्जा देने का कार्य करेगा। * अटल स्मृति भवन बनेगा भाजपा की विचारधारा, अनुशासन और संस्कारों का जीवंत केंद्र : किरण सिंहदेव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की दृष्टि से आज का दिन अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि अटल वाजपेयी के नाम पर समर्पित अटल स्मृति भवन का भूमिपूजन होना संगठन के लिए गौरव का विषय है। श्री सिंहदेव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यालय, कार्यकर्ता और कार्यक्रम के तीन मजबूत स्तंभों पर खड़ी है। कार्यालय संगठन की आत्मा होती हैं, जहां से विचार निकलते हैं, कार्यकर्ता गढ़े जाते हैं और जनसेवा की दिशा तय होती है। “अटल स्मृति भवन केवल एक भवन नहीं, बल्कि भाजपा की विचारधारा, अनुशासन और संस्कारों का जीवंत केंद्र बनेगा।” उन्होंने कहा कि भाजपा अन्य दलों से इसलिए अलग है क्योंकि यहां व्यक्ति नहीं, बल्कि संगठन और विचारधारा सर्वोपरि होती है। यही कारण है कि भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को भाजपा की सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए कहा कि उनके परिश्रम, त्याग और समर्पण से ही संगठन निरंतर मजबूत होता है। * जनसेवा और राष्ट्र निर्माण का स्थायी केंद्र बनेगा अटल स्मृति भवन : कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन प्रदेश के कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि “अटल स्मृति भवन केवल एक भवन नहीं, बल्कि भाजपा की विचारधारा, संगठन की शक्ति और कार्यकर्ताओं के समर्पण का प्रतीक बनेगा।” उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में यह भवन जनसेवा, संगठन विस्तार और राष्ट्र निर्माण के कार्यों का मजबूत केंद्र बनेगा तथा यहां से अनेक जनहितकारी योजनाओं और संगठनात्मक गतिविधियों को दिशा मिलेगी। इस ऐतिहासिक अवसर पर जिलेभर से आए वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को भव्य और अविस्मरणीय बना दिया। समारोह में उत्साह, अनुशासन और संगठनात्मक एकता का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुश्री सरोज पांडेय, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जमवाल, कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन, प्रदेश कोषाध्यक्ष राम गर्ग, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, संभाग प्रभारी रामू रोहरा, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह, प्रदेश मंत्री सुश्री ऋतु चौरसिया, रायपुर संभाग सह प्रभारी डॉ. राजीव सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता देवेंद्र पांडेय, पूर्व विधायक जोगेश लांबा, मंडल अध्यक्ष राजेश राठौर, नवीन अरोड़ा, अजय पांडे, योगेश जैन, मंजू सिंह, प्रफुल्ल तिवारी, संजय शर्मा, नरेंद्र पाटनवार, ज्योति वर्मा, कमला, लकी नंदा, अजय चंद्रा, रामकुमार त्रिपाठी, प्रीति स्वर्णकार, विजय राठौड़, प्रकाश अग्रवाल, अनिल वस्त्रकर, मिलन बरेट, मीरा सोनी, श्रीधर द्विवेदी, दिनेश वैष्ण, लक्ष्मण श्रीवास, सहित पार्षद गण उपस्थित रहे। 03 फरवरी / मित्तल