जांजगीर(ईएमएस)। जिले के चांपा थाना में पदस्थ रहे आरक्षक प्रह्लाद दिनकर की सड़क हादसे में मृत्यु के बाद उनकी पत्नी को पुलिस सैलरी पैकेज योजना के अंतर्गत एक करोड़ रुपये का बीमा चेक प्रदान किया गया है। जिले में यह पहला मामला है, जिसमें इस योजना के तहत किसी पुलिसकर्मी के परिजनों को आर्थिक सहायता के रूप में इतनी बड़ी राशि मिली है। जानकारी के अनुसार 16 सितंबर की रात आरक्षक प्रह्लाद दिनकर ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान लच्छनपुर चौक के पास सड़क हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इस दुखद घटना के बाद पुलिस सैलरी पैकेज योजना के अंतर्गत बीमा दावा प्रक्रिया पूरी की गई। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, शाखा नैला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बैंक प्रबंधक रवि शर्मा और वरिष्ठ अधिकारियों ने आरक्षक की पत्नी को 1 करोड़ रुपये का बीमा चेक सौंपा। इस मौके पर एडीशनल एसपी उमेश कुमार कश्यप, डीएसपी मुख्यालय विजय पैकरा, मुख्य लिपिक दिनेश शर्मा सहित बैंक के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि यह राशि परिवार को इस कठिन समय में आर्थिक संबल प्रदान करेगी और योजना का उद्देश्य भी पुलिसकर्मियों के परिजनों को सुरक्षा देना है।