कोरबा (ईएमएस) कोरबा भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) जिला कोरबा के तत्वावधान में युवाओं की शक्ति, संगठनात्मक एकजुटता और राष्ट्रभक्ति के संकल्प का भव्य प्रदर्शन करते हुए विशाल बाइक रैली निकाली गई। यह रैली भाजयुमो जिला अध्यक्ष वैभव शर्मा के नेतृत्व में आयोजित हुई, जिसमे युवाओं की अलग-अलग टोली ने जोरदार सहभागिता निभाई। उक्त रैली अंतर्गत जिला कोरबा के सभी मंडलों से भाजयुमो के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी शामिल हुए। हजारों युवाओं की मौजूदगी से शहर के प्रमुख मार्गों पर बाइकर्स की लंबी कतारें नजर आईं और वातावरण “भारत माता की जय” व “भाजयुमो जिंदाबाद” के नारों से गूंज उठा। रैली के दौरान युवाओं ने अनुशासन के साथ पार्टी ध्वज व बैनर लेकर शक्ति-प्रदर्शन किया। स्वयंसेवकों द्वारा यातायात व्यवस्था बनाए रखते हुए कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया गया। इस अवसर पर वैभव शर्मा ने युवाओं को राष्ट्रनिर्माण से जुड़ने का आह्वान किया, वहीं मोंटी पटेल ने संगठनात्मक एकता, सेवा और राष्ट्रहित में सक्रिय भागीदारी करने अपील की।