03-Feb-2026
...


-पंजाब सीएम मान ने डेरा ब्यास प्रमुख पर ‘इनडायरेक्ट’ किया हमला चंडीगढ़,(ईएमएस)। पंजाब के सीएम भगवंत मान ने फिर अपने तीखे अंदाज़ में सियासी बयान देकर हलचल मचा दी है। उन्होंने कहा कि अदालतों का रब्ब राखा जहां मुलाकाती ही जज बन जाएं…”। उनके इस बयान को डेरा ब्यास प्रमुख पर ‘इनडायरेक्ट’ हमला माना जा रहा है। बता दें पिछले 7 महीनों से नाभा जेल में बंद शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री बिक्रम मजीठिया को सोमवार को सुप्रीम कोर्ट ने ज़मानत दे दी है। ज़मानत मिलने से महज़ 20–25 मिनट पहले डेरा ब्यास के प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों ने नाभा जेल में बिक्रम मजीठिया से मुलाकात की थी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक जेल में हुई इस मुलाकात के बाद डेरा प्रमुख ने बिक्रम मजीठिया को क्लीन चिट देते हुए कहा कि ड्रग्स मामला और आय से ज्यादा संपत्ति का आरोप पूरी तरह गलत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मजीठिया उनके दोस्त और रिश्तेदार हैं। बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों ने सवाल उठाया कि अगर किसी का रिश्तेदार जेल में हो तो क्या उससे मिलना नहीं चाहिए। इस दौरान जब पत्रकारों ने बिक्रम मजीठिया पर ड्रग्स और आय से अधिक संपत्ति के मामलों को लेकर सवाल पूछे तो डेरा प्रमुख ने कहा कि ये सभी आरोप निराधार हैं। उन्होंने कहा कि बिक्रम खुश हैं। साथ ही बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों ने कहा कि उन्हें किसी पर टिप्पणी करना शोभा नहीं देता। सरकार अपनी जगह है और उनकी रिश्तेदारी के कारण ही वे मजीठिया से मुलाकात करने आए थे। सिराज/ईएमएस 03फरवरी26