क्षेत्रीय
03-Feb-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली-एनसीआर में घने कोहरे को लेकरआईएमडी ने येलो अलर्ट जारी किया है। बेहद कम विजिबिलिटी और ठंडी हवाओं के चलते लोगों को सावधानी से सफर करने की सलाह दी गई है। पूरा उत्तर भारत इस वक्त घने कोहरे की चादर में लिपटा हुआ है। राजधानी की सुबह आज भी कुछ ऐसी ही हुई। वहीं लगभग पूरे दिल्ली-एनसीआर में भारत मौसम विज्ञान विभाग ने आज घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। सुबह राजधानी और आसपास के इलाकों में बेहद कम विजिबिलिटी दर्ज की गई है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है, जबकि एक्यूआई 273 के स्तर पर बना हुआ है। दिल्ली एनसीआर में पिछले 24 घंटे के दौरान घना कोहरा छाया रहा। सोमवार को दिनभर धूप नहीं निकली और ठंडी हवाएं करीब 13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती रहीं। मौसम विभाग के अनुसार कोहरे का असर अभी कम होने वाला नहीं है। मंगलवार भी सुबह के समय दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में बेहद घना कोहरा छा सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने स्पष्ट किया है कि कोहरे की तीव्रता के चलते दृश्यता बेहद कम रहेगी। यही वजह है कि येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को खासतौर पर सुबह और देर रात के समय यात्रा के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि सड़क और हवाई यातायात दोनों पर इसका असर पड़ सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक दिल्ली एनसीआर में मंगलवार अधिकतम तापमान 19 से 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। सुबह के समय घना कोहरा होने से विजिबिलिटी काफी कम रहने की आशंका है। इसी वजह से वाहन चालकों को धीमी गति से चलने और फॉग लाइट के इस्तेमाल की सलाह दी गई है। आईएमडी ने 8 फरवरी तक के मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। इसमें फिलहाल किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं, लेकिन कोहरा लगातार बना रहेगा। ठंडी हवाओं के चलते सर्दी का असर बरकरार रहेगा और सुबह-शाम ठिठुरन बढ़ सकती है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/03/ फरवरी/2026