जबलपुर (ईएमएस)। जबलपुर संभाग के कटनी जिले में विजयराघवगढ़ वन परिक्षेत्र में तेंदुए ने जहां एक मासूम बालक को शिकार बनाया था वहीं अब तेंदुए ने रिहायशी इलाकों में पशुओं को निशाना बनाया है। बताया जाता है कि सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात विजयराघवगढ के ग्राम महगांव में तेंदुए ने एक घर में घुसकर पांच बकरियों और तीन भैंसों का शिकार किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, महगांव निवासी किसान मीना बाई पंजाबी के घर के पास बने बाड़े में तेंदुआ देर रात घुसा और वहां बंधी पांच बकरियों और तीन भैंसों पर हमला कर उन्हें मार डाला। मंगलवार की सुबह जब पशुपालक मीना अपने मवेशियों को देखने पहुंचीं, तो सभी जानवर मृत अवस्था में पाए गए। इस घटना से गांव में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम महगांव पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जहां उन्हें तेंदुए के स्पष्ट पदचिह्न मिले। विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आसपास के जंगलों में सर्चिंग अभियान शुरू कर दिया है। गौरतलब हो कि इसी वन परिक्षेत्र के घुनौर ग्राम में लगभग एक माह पूर्व 30 दिसंबर को तेंदुए ने 10 वर्षीय बालक राज कोल पर हमला कर उसकी जान ले ली थी। अब पुन: इस घटना ने महगांव के ग्रामीणों में चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए की सक्रियता लगातार बढ़ रही है, जिससे अब घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। अजय पाठक / मोनिका / 03 फरवरी 2026