कोरबा (ईएमएस) कोरबा नगर निगम महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत के जन्मदिवस पर जगह-जगह समारोह आयोजित किया गया। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ कोरबा इकाई ने नगर निगम महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत के जन्मदिवस अवसर पर टी.पी. नगर स्थित प्रदेश कार्यालय में समारोह आयोजित किया। संघ के सदस्यों ने महापौर का भव्य आत्मिक स्वागत किया। महापौर ने अपने संक्षिप्त उद्बोधन में कहा कि अखबार वितरक संघ के सदस्यों का जीवन चुनौतीपूर्ण है, लेकिन उनके हौसलों को नमन करने का दिल करता है। मैं जनता से मिले प्यार-दुलार से अभिभूत हूं। जनता का ही यह स्नेह है कि मुझे ऐतिहासिक 45 हजार वोटों से जीता कर इस मुकाम तक पहुंचाया और आज मेरे जन्मदिवस पर असीम खुशियां लुटाईं, यही मेरी असली पूंजी है और जगह-जगह अपनी इस बेटी के लिए समारोह आयोजित किया। * अंतिम व्यक्ति की समृद्धि हमारे विकास की आधारशिला-महापौर श्रीमती राजपूत महापौर श्रीमती राजपूत ने आगे कहा कि कोरबा को सुव्यवस्थित और विकसित करना हमारा लक्ष्य है, लेकिन इस विकास में किसी गरीब की रोजी-रोटी न छीने, इसका भी हमें ध्यान है। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे ठेला लगाने वाले, सब्जी बेचने वाले जैसे अंतिम व्यक्ति के जीवन सुलभ सोच के कारण ही हम इनके लिए वेंडिंग जोन बना रहे हैं। कोसाबाड़ी सब्जी मार्केट को हमने व्यवस्थित किया, बुधवारी में भी ऐसे लोगों के लिए छोटी-छोटी दुकानें बना रहे हैं, जो शीघ्र निर्मित हो जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि मल्टीलेबल पार्किंग जो यातायात समस्या का समाधान बनेगा, उसे त्वरित गति से पूर्ण करा रहे हैं, ताकि सुनालिया पुल पर जाम न लगे। आमलोगों के लिए इसके बगल में चौपाटी का निर्माण होगा। स्वच्छ, सुंदर और विकसित कोरबा की संकल्पना को पूरा करने का प्रयास हैं। महापौर ने कहा कि भाजपा का शासन और निगम में भाजपा का शासन आते ही सबके सहयोग से कोरबा को स्वच्छता में बेहतर प्रदर्शन के लिए अवार्ड मिला, स्वच्छ कोरबा के साथ विकसित कोरबा की संकल्पना को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थित विकास को गति दी जा रही है। सबके सहयोग से ही स्वच्छ कोरबा, विकसित कोरबा बनेगा। महापौर के जन्मदिवस पर विशाल केक काटा गया और उपस्थित सदस्यों एवं अतिथियों ने महापौर का मुंह मीठा कर स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं दी। इसके पूर्व संघ ने महापौर सहित अतिथियों को आदरपूर्वक मंचस्थ कराया और महापौर सहित उपस्थित अतिथियों पंप हाउस के पार्षद रामकुमार साहू, अधिवक्ता हेमंत गौतम, शमीम ज्वेलर्स के संचालक मो. शमीम, भाजपा नेता राकेश नागरमल अग्रवाल, कार्यक्रम के अध्यक्ष पद्मसिंह चंदेल प्रदेश अध्यक्ष छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ एवं समाज सेवी, संस्कारम् संस्था की अध्यक्ष श्रीमती आकांक्षा चंदेल का पुष्पगुच्छ से आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रम में संघ के सदस्यों में जिला इकाई के संरक्षक रेशमलाल साहू, अध्यक्ष विपेन्द्र कुमार साहू, सचिव जयसिंह नेताम, कोषाध्यक्ष लक्ष्मी राठौर, सहसचिव रायसिंह, बालको इकाई कोषाध्यक्ष राकेश साहू, रामा, तपेश्वर राठौर, अनिल गिरी, राजकुमार पटेल, सरोज, हर्ष नेताम, विल्सन, राहुल, पप्पू, विजय, ओमकार, दीपक, अज्जू सहित संघ के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में संघ के सदस्यों ने महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत का स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। * बच्चों में बचपन से ही डालें संस्कार-आकांक्षा चंदेल कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संस्कारम् की अध्यक्षा आकांक्षा चंदेल भी उपस्थित थीं। उन्होंने संस्कारम् टीम बनाने के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला और कहा कि संस्कारम् टीम रविवार को मंदिर में सुबह दो घंटे बच्चों को संस्कार की शिक्षा देती है। आज धर्मांतरण कैंसर का रूप ले रहा है और इससे बचने के लिए बच्चों को बचपन से ही संस्कारयुक्त करना होगा, इसके लिए हमारी टीम आने वाले दिनों में सभी वार्डों में काम करेगी। उन्होंने कहा बच्चों को मोबाईल से दूर रखें और पुस्तक-कापियों से मित्रता कराएं। मोबाईल का सदुपयोग समझाएं और जरूरत पड़ने पर ही बच्चों को मोबाईल दें। 03 फरवरी / मित्तल