क्षेत्रीय
03-Feb-2026
...


राजगढ़ (ईएमएस) बीती शाम को खुजनेर अंतर्गत नवोदय विद्यालय सुस्तानी में छात्रों के बीच हुआ आपसी विवाद अचानक हिंसक हो गया। कक्षा ग्यारह के दो छात्रों ने अपने ही सहपाठी कृष्ण पाल मोग्या पर पत्थर फेंक दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और पांच टांके लगाने पड़े। घटना शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार किसी बात को लेकर छात्रों में कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में झगड़े में बदल गई। इसी दौरान दो छात्रों ने मिलकर कृष्ण पाल पर पत्थर से वार कर दिया। चोट लगते ही छात्र लहूलुहान हो गया, जिससे परिसर में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही विद्यालय प्रबंधन ने तत्परता दिखाते हुए नर्स और स्टाफ की मदद से घायल छात्र को तुरंत खुजनेर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां उसका उपचार किया गया। घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई है। वाईस प्राचार्य विकास गुप्ता ने बताया कि वे कक्षा ग्यारह के छात्रों की ब्रीफिंग के लिए राजगढ़ गए थे। सूचना मिलते ही स्टाफ को सतर्क कर घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाया गया। खबर लिखे जाने तक वे थाना परिसर में मौजूद थे और पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही थी। विद्यालय प्रबंधन ने मामले को गंभीर मानते हुए अनुशासनात्मक कदम उठाने के संकेत दिए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो सके।-निखिल कुमार (राजगढ़)3/2/2026