राष्ट्रीय
03-Feb-2026
...


-विपक्ष कर रहा अमेरिका–भारत ट्रेड डील पर चर्चा की मांग नई दिल्ली,(ईएमएस)। अमेरिका–भारत ट्रेड डील को लेकर संसद के बजट सत्र में जबरदस्त हंगामा देखने को मिला। विपक्ष ने इस समझौते पर तत्काल चर्चा की मांग करते हुए लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी की। बजट सत्र के पांचवें दिन मंगलवार को लोकसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू हुई, लेकिन महज आठ मिनट के भीतर ही शोर-शराबे के चलते सदन को 12 बजे तक के लिए स्थगित करना पड़ा। दोपहर में जब लोकसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई, तब भी हालात नहीं सुधरे। सदन केवल 13 मिनट ही चल सका और विपक्षी सांसदों के लगातार हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। इस दौरान स्पीकर ने विपक्षी सदस्यों से अपील की कि नारेबाजी नियमों के खिलाफ है और सदन की गरिमा बनाए रखी जाए, लेकिन इसके बावजूद विपक्ष का प्रदर्शन जारी रहा। राज्यसभा में भी हंगामा और वॉकआउट राज्यसभा में भी विपक्ष ने अमेरिका–भारत ट्रेड डील पर चर्चा की मांग को लेकर हंगामा किया। विपक्षी दलों ने सदन से वॉकआउट कर दिया और आरोप लगाया कि इस समझौते से भारतीय किसानों के हितों को नुकसान पहुंच सकता है। खास तौर पर अमेरिकी कृषि उत्पादों के भारत में आयात पर ड्यूटी घटाकर शून्य करने की संभावित बात पर विपक्ष ने कड़ी आपत्ति जताई। उनका कहना है कि यदि ऐसा हुआ तो सस्ते अमेरिकी उत्पादों से घरेलू किसानों को भारी नुकसान होगा। ट्रेड डील के खिलाफ सदन के बाहर विपक्ष का प्रदर्शन संसद के भीतर ही नहीं, बल्कि बाहर भी विपक्षी सांसदों ने ट्रेड डील के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने सरकार पर भारतीय किसानों के साथ “विश्वासघात” करने का आरोप लगाया और कहा कि बिना संसद में चर्चा कराए इतना बड़ा फैसला लेना गलत है। हिदायत/ईएमएस 03फरवरी26