राष्ट्रीय
03-Feb-2026
...


नई दिल्ली,(ईएमएस)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद रणदीप सुरजेवाला ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस समझौते के जरिए भारतीय किसानों के साथ विश्वासघात किया है। सुरजेवाला ने बताया कि पहले बीजेपी ने तीन काले कृषि कानूनों के माध्यम से किसानों के हितों को नुकसान पहुँचाया और अब अमेरिका के सभी कृषि उत्पाद भारत में 0 प्रतिशत आयात शुल्क पर बेचे जाएंगे। सुरजेवाला ने कहा, कि अमेरिका का कपास, मक्का, गेहूं, डेयरी उत्पाद, बादाम और सेब आदि बिना किसी ड्यूटी के भारत में बिकेंगे। इससे भारतीय किसानों की आय पर गंभीर असर पड़ेगा और उनकी उपज का बाजार कमजोर होगा। इससे बड़ा किसानों के साथ विश्वासघात और क्या हो सकता है? उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि इस समझौते को जनता और संसद के सामने लाए बिना अंधेरे में बनाया गया। सुरजेवाला ने कहा कि मोदी सरकार को तुरंत इस समझौते को संसद के पटल पर लाना चाहिए और इसकी पूरी चर्चा कराई जानी चाहिए। सुरेजवाला ने यह भी कहा, कि हमेशा की तरह बीजेपी इस मुद्दे को दबाने की कोशिश कर रही है और देश के किसानों के हितों की उपेक्षा कर रही है। कांग्रेस नेता का यह बयान ऐसे समय में आया है जब भारत-अमेरिका व्यापार डील को लेकर संसद से लेकर सड़क तक विपक्षी विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका मानना है कि किसानों के हितों को संरक्षित करने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए इस मुद्दे पर खुली बहस बेहद जरूरी है। हिदायत/ईएमएस 03फरवरी26