03-Feb-2026
...


-अखिलेश बोले- भाजपाई और उनके संगी-साथी पहले भी विदेशियों के एजेंट थे, आज भी हैं नई दिल्ली,(ईएमएस)। अमेरिका के साथ संभावित ट्रेड डील को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत के बाजार को अमेरिकी कृषि उत्पादों और खाद्यान्नों के लिए खोलना देश की खेती-किसानी और उस पर निर्भर करीब 70 फीसदी आबादी के साथ धोखा है। अखिलेश ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि बीजेपी ने फिर किया ‘किसानों’ पर वार। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अखिलेश ने कहा कि बीजेपी सरकार दे जवाब, क्या है दबाव में भारत के बाजार को अमेरिकी कृषि उत्पादों व खाद्यान्नों के लिए खोल देना, हमारे देश की खेती-किसानी पर जिंदगी बसर करने वाली 70फीसदी आबादी के साथ धोखा है। भाजपाई और उनके संगी-साथी आजादी से पहले भी विदेशियों के एजेंट थे, आज भी हैं। आत्मनिर्भरता और स्वदेशी की बात करने वाले भाजपाई और उनके संगी-साथी जनता के बीच जाकर बताएं कि उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था के साथ धोखा करने के लिए कितना कमीशन खाया है। उन्होंने कहा कि इस डील से केवल किसान ही नहीं, निम्न मध्यवर्ग और मध्यम वर्ग भी बुरी तरह प्रभावित होगा क्योंकि इससे खाद्यान्न और कृषि उत्पादों की मुनाफाखोरी व बिचौलियों की एक नई जमात पैदा हो जाएगी, जिसकी वजह से खाने-पीने की सब चीजें और महंगी हो जाएंगी। साथ ही बीजेपी इन कंपनियों से चंदा वसूली भी करेगी, जिससे खाद्य व कृषि उत्पाद और भी महंगे हो जाएंगे। इससे धीरे-धीरे हमारे किसानों की खेतीबाड़ी और आय कम हो जाएगी और वो मजबूर होकर अपनी जमीन अमीरों व कारपोरेट को बेचने पर मजबूर हो जाएंगे। जमीनों पर कब्जा करना ही भाजपाई और उनके संगी-साथियों का मकसद है। रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय खेती के लिए घातक ‘सीड बिल’ उसी कृषि और किसान विरोधी बीजेपी सरकार की दिमागी उपज है जो भू-अधिग्रहण और काले-कानून लाई थी, जो हर साल खाद की लाइन में लोगों को लगाकर उनको अपमानित करती है। ये भाजपाई पहले बीज कंपनियों से कमीशन खाएंगे फिर… पेस्टीसाइड कंपनियों से, फिर महाभंडारण के लिए बनने वाले साइलो की कंपनियों से, फिर फसल बीमा कंपनियों से, फिर कम कीमत तय करते समय, फिर फसल की खरीद-फरोख्त करने वाले बिचौलियों से, भारतीय वातावरण में ऐसे सीड से खेती-किसानी पूरी तरह ध्वस्त हो जाएगी। इसका संगठित रूप से पुरजोर विरोध होना चाहिए। सपा प्रमुख ने कहा कि एमआरपी और छुट्टा मवेशियों से परेशान किसान अब बीजेपी सरकार की ज़्यादतियों को और नहीं सहेगा। ये भाजपाई खेती-किसानी को बर्बाद करने के लिए सब कुछ करेंगे क्योंकि ये वो लोग हैं जो जमीन के उत्खनन से लेकर खनन व उसकी पैदावार, सब पर गिद्ध निगाह रखते हैं और साल-दर-साल किसी न किसी रूप में किसानों पर वार करते हैं। भाजपा किसान विरोधी थी, है और रहेगी। भाजपा हटाओ और खेत, किसानी, किसान बचाओ! सिराज/ईएमएस 03फरवरी26