इंदौर (ईएमएस)। इंदौर जिला बैडमिंटन संगठन ने नेहरू स्टेडियम स्थित बैडमिंटन हॉल का जीर्णोद्धार कर उसे आधुनिक स्वरूप प्रदान किया है। पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और विक्रम पुरस्कार विजेता सीमा बापना (भंडारी) ने मंगलवार को विधि-विधान से कोर्ट पूजन कर नवीनीकृत हॉल का शुभारंभ किया। संगठन के सचिव आर.पी. सिंह नैयर ने बताया कि हॉल के दोनों कोर्ट की सतह को रिफर्बिश किया गया है और पूरे परिसर की रंगाई-पुताई कर खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। उद्घाटन के अवसर पर सीमा बापना और संगठन के पदाधिकारियों ने कोर्ट पर बैडमिंटन खेलकर सुविधाओं का अवलोकन किया। सचिव नैयर के अनुसार, इस हाई-टेक हॉल में जल्द ही जिला रैंकिंग बैडमिंटन स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम में सह-सचिव धर्मेश यशलहा, विनय रामचंदानी और मनीष त्रिवेदी सहित संगठन के कई वरिष्ठ सदस्य उपस्थित थे। प्रकाश/3 फरवरी 2026