- आरोपी ने पेट्रौल डालकर लगा दी आग, हालत नाजुक भोपाल(ईएमएस)। पुराने शहर के छोला मंदिर थाना इलाके में स्थित नवजीवन कॉलोनी में गली में जुआ खेलने से रोकना एक युवक की जान पर बन आया। उसकी बात से आरोपी को इतना गुस्सा आया की आरोपी बाइक से पेट्रोल निकालकर लाया और युवक पर छिड़ककर उसे आग लगा दी। तेजी से भड़की आग से युवक गंभीर रुप से झुलस गया उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नवजीवन कॉलोनी छोला मंदिर में रहने वाला मनोज वंशकार (32) निजी काम करता है। उसने पुलिस को बताया कि उसकी गली में जुए की फड़ लगती है। यहॉ आरोपी मनोज कोष्ठी खुद जुआ खेलता है, और लोगों को खिलाता है। रविवार की सुबह से ही कॉलोनी की गली में जुए की फड़ जमी हुई थी। यह देख मनोज वंशकार ने मनोज कोष्ठी से कहा कि वह लोग उसे घर के पास जुआ नहीं खेले। उसकी बात पर आरोपी भड़क गया और बाइक से पेट्रोल निकालकर ले आया। आरोपी ने मनोज वंशकार के साथ मारपीट करते हुए उसके शरीर पर पेट्रोल छिड़क दिया। बताया गया है कि उस समय गली में जल रही आग से वह जलती लकड़ी उठा लाया और और मनोज वंशकार को आग लगा दी। उसके शरीर पर पहले से ही पेट्रोल छिड़का होने के कारण आग तेजी से भड़क गई। परिजनों और गली के लोगों ने किसी तरह उसे आग की चपेट से बचाकर गंभीर रूप से झुलसे मनोज वंशकार को इलाज के लिये हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया। वहॉ उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। अस्पताल से मिली सूचना पर पहुंची पुलिस ने मनोज वंशकार के बयान दर्ज करने के बाद आरोपी मनोज कोष्ठी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे दबोचा लिया। जुनेद / 3 फरवरी