क्षेत्रीय
03-Feb-2026
...


- 9.50 लाख की नकदी के साथ कार भी जब्त राजगढ़ (ईएमएस ) पुलिस ने अंधविश्वास के नाम पर ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। आरोपी बीमारी ठीक करने का झांसा देकर लोगों से ढाई लाख रुपए ठगता था। पुलिस ने आरोपी के पास से ठगी गई पूरी राशि के साथ एक कार भी जब्त की है, जिसकी कुल कीमत 9.50 लाख रुपए बताई गई है। एडिशनल एसपी के.एल. बंजारे ने मंगलवार को बताया कि यह घटना 30 जनवरी 2026 की शाम करीब 7:30 बजे पचोर बस स्टैंड पर हुई थी। इंदौर निवासी जितेंद्र सिलावट से एक व्यक्ति ने संपर्क किया और खुद को तांत्रिक बताया। उसने झाड़-फूंक से बीमारी ठीक करने का भरोसा दिलाकर जितेंद्र से 2.50 लाख रुपए नकद और एक मोबाइल फोन ठग लिया। - पुलिस ने इंदौर से किया गिरफ्तार पीड़ित की शिकायत पर पचोर थाने में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी आनंद बेरागी (42), निवासी न्यू कॉलोनी पैलेस, इंदौर को इंदौर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर अकेले व्यक्तियों को निशाना बनाता था। वह खुद को तांत्रिक बताकर बीमारी ठीक करने के नाम पर लोगों से पैसे वसूलता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी गई पूरी 2.50 लाख रुपए की राशि बरामद कर ली है। इसके अतिरिक्त, घटना में इस्तेमाल की गई आर्टिगा कार (MP09 CY 5317), जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपए है, भी जब्त की गई है। जब्त किए गए कुल सामान की कीमत लगभग 9.50 लाख रुपए है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे झाड़-फूंक और अंधविश्वास के नाम पर ठगी करने वालों से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। -निखिल कुमार (राजगढ़)3/2/2026