क्षेत्रीय
03-Feb-2026
...


वाराणसी (ईएमएस)। महाप्रबंधक पूर्वोत्तर रेलवे उदय बोरवणकर ने प्रमुख विभागाध्यक्षों एवं मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी आशीष जैन के साथ 03 फरवरी,2026 को गोरखपुर कैंट-पनियहवा रेल खंड का संरक्षा निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बोरवणकर ने गोरखपुर कैन्ट-वाल्मिकीनगर दोहरीकरण परियोजना के प्रथम चरण में गोरखपुर कैन्ट-कप्तानगंज खंड के दोहरीकरण कार्य एवं मध्यवर्ती स्टेशनों पर दोहरीकरण के अनुरूप सुधार एवं विकास कार्यों तथा संरक्षा का गहन निरीक्षण किया। महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने अपने निरीक्षण का आरंभ गोरखपुर कैंट-उनौला स्टेशनों के मध्य किमी सं-386/11-10 पर स्थित ब्रिज संख्या-02 के गहन निरीक्षण के साथ किया। उन्होंने ब्रिज सं-2 के 7x6.10 स्पैन के कांक्रीट स्लैब की गुणवत्ता और फाउन्डेशन की जाँच की । इसके पश्चात उन्होंने पिपराइच-बोदरवार स्टेशनों के मध्य किमी सं-367/10-9 पर स्थित नान-इंटरलॉक समपार संख्या-11 सी का निरीक्षण कर संरक्षा के सभी मानदंडों को परखा। महाप्रबंधक ने बोदरवार-कप्तानगंज स्टेशनों के मध्य किमी सं-362 पर निर्माणाधीन एल.एच.एस. का निरीक्षण किया और आर सी सी बॉक्स की गुणवत्ता परखी। इसके बाद उन्होंने कप्तानगंज जं. स्टेशन यार्ड में किमी सं-357/22-20 पर स्थित इंटरलॉक समपार संख्या 16सी का गहन निरीक्षण किया एवं गेट मैंन शुभेन्द्र नाथ मिश्रा का संरक्षा संज्ञान परखा। महाप्रबंधक ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित किये जा रहे कप्तानगंज जं. स्टेशन का निरीक्षण कर स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यो की प्रगति की समीक्षा की तथा कार्य योजना का अवलोकन कर सभी कार्यों को समयावधि में पूरा करने का निर्देश दिया । इसी क्रम में उन्होंने रेलवे सुरक्षा बल बैरक, कप्तानगंज का निरीक्षण कर रेलवे सुरक्षा बल के जवानों को उपलब्ध कराई जा रही सुख-सुविधाओं यथा-विश्राम हेतु बेड्स, भोजनालय, प्रसाधन आदि का जायजा लेने के साथ ही कप्तानगंज रेलवे स्टेशन के स्टेशन पैनल एवं संरक्षा उपकरणों का निरीक्षण कर संरक्षित परिचालनिक सुविधाओं का संज्ञान लिया। महाप्रबंधक ने घुघली रेलवे स्टेशन पर दोहरीकरण के अनुरूप नये यार्ड प्लान के अंतर्गत किये जा रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया और सम्बंधित को दिशा निर्देश दिया । निरीक्षण के अंत में महाप्रबंधक ने पनियहवा स्टेशन पर दोहरीकरण के अनुरूप निर्मित यार्ड प्लान का अवलोकन किया और नये प्लान के अंतर्गत किये जा रहे सुधार कार्यों का निरीक्षण कर सम्बंधित को दिशा निर्देश दिया । इसके पश्चात महाप्रबंधक, पूर्वोत्तर रेलवे उदय बोरवणकर अपनी निरीक्षण स्पेशल से पनियहवा–वाल्मिकी नगर रेल खण्ड पर गंडक नदी पर स्थित पनियहवा ब्रिज का संरक्षा निरीक्षण करते हुए वाल्मिकी नगर पहुंचे और वाल्मिकी नगर से स्पीड ट्रायल करते हुए गोरखपुर कैन्ट के लिए रवाना हुए । ज्ञातव्य हो की दोहरीकरण परियोजना के अंतर्गत गोरखपुर कैन्ट-वाल्मिकी नगर (95.95 किमी) दोहरीकरण का कार्य 05 चरणों में पूर्ण किया जायेगा। इस परियोजना के पूरा होने से लाइन क्षमता में वृद्धि होने के साथ ही जनआकांक्षाओं के अनुरूप अधिक गाड़ियों का संचलन हो सकेगा। डॉ नरसिंह राम/ईएमएस/03/02/2026