03-Feb-2026
...


वाराणसी (ईएमएस)। भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान (आईसीएआर–आईआईवीआर), वाराणसी में मंगलवार को एग्री बिजनेस इनक्यूबेटर (एबीआई) एवं जोनल तकनीकी प्रबंधन इकाई (जेडटीएमयू) के संयुक्त तत्वावधान में तकनीकी प्रचार दिवस–2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत सोलानेसियस वर्ग की फसलों—टमाटर, बैंगन एवं मिर्च—तथा दलहनी फसलों—मटर एवं फ्रेंच बीन—में विकसित नवीन संकरों, उन्नत किस्मों एवं आधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन किया गया। संस्थान के निदेशक डॉ. राजेश कुमार के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में देश की लगभग 50 बीज कंपनियों, किसान उत्पादक संगठनों तथा युवा उद्यमी के कुल 90 प्रतिनिधियों एवं हितधारकों ने सहभागिता की। प्रतिभागियों को संस्थान द्वारा विकसित विभिन्न सब्जी फसलों की उन्नत एवं व्यावसायिक दृष्टि से उपयोगी किस्मों की विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर संस्थान निदेशक डॉ. राजेश कुमार ने बीज कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ सब्जी फसलों की उन्नत किस्मों के बीज गुणवत्ता मानकों, विपणन रणनीतियों, सुझावों एवं प्रतिक्रियाओं पर विस्तार से चर्चा की। प्रक्षेत्र भ्रमण एवं प्रतिक्रिया सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने इन किस्मों के उत्पादन, वाणिज्यिक एवं व्यापारिक लक्षणों, साथ ही रोग एवं कीट प्रतिरोध क्षमता पर भी अपने विचार साझा किए। कई बीज कंपनियों ने अपनी-अपनी संस्थाओं में इन किस्मों के अनुमोदन एवं पंजीकरण के लिए सिफारिश करने का आश्वासन दिया। एग्री बिजनेस इनक्यूबेटर (एबीआई) एवं जोनल तकनीकी प्रबंधन इकाई के अध्यक्ष एवं प्रधान वैज्ञानिक सुदर्शन मौर्य ने प्रक्षेत्र भ्रमण के दौरान बीज कंपनियों के प्रतिनिधियों से संस्थान द्वारा विकसित मुक्त परागित एवं संकर किस्मों के लक्षणों, उनके मूल्यांकन तथा लाइसेंसिंग प्रक्रियाओं पर विस्तृत चर्चा की। कार्यक्रम में सकाई सीड्स, डीसीएम श्रीराम, नामधारी सीड्स प्राइवेट लिमिटेड, हाइजन बायोटेक सीड्स प्राइवेट लिमिटेड, इंडो बायो सीड्स प्राइवेट लिमिटेड, ईस्ट वेस्ट सीड्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, निर्मल सीड्स प्राइवेट लिमिटेड, तुहुम बायोटेक सीड्स प्राइवेट लिमिटेड, जीएमएस एग्रीटेक प्राइवेट लिमिटेड एवं आईएसपी सीड्स प्राइवेट लिमिटेड सहित अनेक बीज कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस अवसर पर संस्थान के विभागाध्यक्ष डॉ. ए. एन. सिंह, डॉ. अनंत बहादुर, प्रधान वैज्ञानिक डॉ. नीरज सिंह, डॉ. एस. के. सिंह, डॉ. जगेश तिवारी, डॉ. शैलेश तिवारी, डॉ. वाई. एस. रेड्डी, डॉ. भुवनेश्वरी सहित अन्य वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं तकनीकी कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. इन्दीवर प्रसाद एवं धन्यवाद ज्ञापन प्रधान वैज्ञानिक सुदर्शन मौर्य ने किया। इस अवसर पर संस्थान के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में मटर फसल की तीन उन्नत किस्मों—काशी पूर्वी, काशी तृप्ति एवं वीआरपीई–29— के लिए इंडो अमेरिकन हाइब्रिड सीड्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड के साथ तथा भिंडी फसल की किस्म ‘काशी सहिष्णु’ के लिए बसुधा सीड्स के साथ लाइसेंस अनुबंधों पर हस्ताक्षर किए गए। यह उपलब्धि संस्थान की अनुसंधान एवं नवाचार क्षमता के साथ-साथ सार्वजनिक–निजी सहभागिता की सफलता का सशक्त उदाहरण है। प्रतिभागियों ने इस आयोजन को अत्यंत सफल एवं सार्थक बताते हुए संस्थान के प्रयासों की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के निरंतर आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया। डॉ नरसिंह राम/ईएमएस/03/02/2026