04-Feb-2026
...


मुंबई,(ईएमएस)। मुंबई के व्यस्त छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब रनवे के समीप टैक्सीवे पर दो यात्री विमान आपस में टकरा गए। यह घटना एयर इंडिया की उड़ान एआई 2732 (मुंबई से कोयंबटूर) और इंडिगो की उड़ान 6ई 791 (हैदराबाद से मुंबई) के बीच हुई। गनीमत यह रही कि टक्कर के समय दोनों विमानों की गति धीमी थी, जिसके कारण किसी भी यात्री या चालक दल के सदस्य को चोट नहीं आई। हालांकि, इस टक्कर के बाद एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और दोनों विमानों के विंगटिप्स (पंखों के सिरों) को नुकसान पहुंचा है। घटना उस समय हुई जब एयर इंडिया का विमान उड़ान भरने की तैयारी में पीछे की ओर धकेला (पुशबैक) जा रहा था। ठीक उसी समय, हैदराबाद से लैंड करने के बाद इंडिगो का विमान टैक्सीवे पर अपने निर्धारित पार्किंग बे की ओर बढ़ रहा था। इसी दौरान दोनों विमानों के पंख आपस में टकरा गए। टक्कर लगते ही पायलटों ने तत्काल विमान रोक दिए और कंट्रोल टावर को सूचित किया। प्रोटोकॉल का पालन करते हुए दोनों विमानों को तुरंत ग्राउंडेड कर दिया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतारा गया। विमानन नियामक डीजीसीए और एयरपोर्ट अथॉरिटी को इस मामले की विस्तृत जानकारी दे दी गई है और औपचारिक जांच के आदेश दे दिए गए हैं। एयर इंडिया ने अपने आधिकारिक बयान में स्पष्ट किया कि उनके विमान के विंगटिप को दूसरे विमान के संपर्क में आने से क्षति पहुंची है। एहतियात के तौर पर तकनीकी जांच पूरी होने तक विमान को परिचालन से बाहर कर दिया गया है। एयरलाइन ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए उन्हें वैकल्पिक उड़ानों से भेजने की व्यवस्था की। दूसरी ओर, इंडिगो ने भी पुष्टि की कि टैक्सींग के दौरान यह संपर्क हुआ था और सुरक्षा मानकों के तहत आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। फिलहाल तकनीकी टीमें नुकसान का आकलन कर रही हैं। यह घटना एयरपोर्ट पर ग्राउंड ऑपरेशंस के दौरान सुरक्षा समन्वय पर सवाल उठाती है, जिसकी गहनता से जांच की जा रही है।