वाशिंगटन (ईएमएस)। भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर की अमेरिका यात्रा ने भारत-अमेरिका के आर्थिक और रणनीतिक संबंधों को नई ऊँचाई पर पहुँचा दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल की शुरुआत के बाद दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सहयोग को मजबूती देने के लिए तेजी से काम हो रहा हैं। जयशंकर ने अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट से मुलाकात कर द्विपक्षीय आर्थिक साझेदारी तथा रणनीतिक सहयोग को आगे बढ़ाने पर चर्चा की। बेसेंट ने भी आपूर्ति श्रृंखलाओं की सुरक्षा और अन्य राष्ट्रीय एवं आर्थिक सुरक्षा मुद्दों पर बातचीत करने की पुष्टि की। जयशंकर की अमेरिकी यात्रा के दौरान उन्होंने विदेश मंत्री मार्को रुबियो के बुलाए गए महत्वपूर्ण खनिज मंत्रिस्तरीय बैठक में हिस्सा लिया। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का स्वागत किया और महत्वपूर्ण खनिजों की खोज एवं खनन में सहयोग को औपचारिक रूप देने पर विचार-विमर्श किया। यह बैठक ट्रंप द्वारा भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की घोषणा के एक दिन बाद हुई, जिसके तहत अमेरिका ने भारत पर लगाए गए जवाबी शुल्क को 25 से घटाकर 18 प्रतिशत किया। उधर जयशंकर ने बेसेंट के साथ द्विपक्षीय आर्थिक सहयोग और रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के तरीकों पर भी चर्चा की। इधर विदेश मंत्रालय ने पोस्ट कर बताया कि यह बैठक उपयोगी और सार्थक रही। आशीष दुबे / 04 फरवरी 2026