इस्लामाबाद (ईएमएस)। पाकिस्तान को इस सप्ताह तुर्की में होने वाली अमेरिका-ईरान वार्ता में शामिल होने का निमंत्रण मिल गया है। वाशिंगटन और तेहरान का उद्देश्य हफ्तों से चली आ रही शत्रुता के बाद बैठक के माध्यम से तनाव कम करना है। रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने कहा, पाकिस्तान को ईरान और अमेरिका के बीच होने वाली आगामी वार्ता का निमंत्रण मिला है। बताया जा रहा हैं कि पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री इशाक डार वार्ता में देश का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं और बैठक में इस्लामाबाद की भागीदारी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एक ईरानी अधिकारी ने बताया कि ईरान और अमेरिका के बीच संघर्ष को टालने और तनाव कम करने के लिए वार्ता का यह नवीनतम दौर आयोजित हो रहा है। उन्होंने बताया कि कई क्षेत्रीय तनावग्रस्त देशों के विदेश मंत्रियों को बैठक में आमंत्रित किया है। रिपोर्ट के अनुसार, जिसमें कई सूत्रों और एक अमेरिकी अधिकारी का हवाला दिया गया है, ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची इस्तांबुल में अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ से मुलाकात करने वाले है। बैठक का मुख्य उद्देश्य ईरान के परमाणु कार्यक्रम से संबंधित संभावित समझौते पर बातचीत करना है। ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन ने पुष्टि की कि उन्होंने अराघची को बातचीत आगे बढ़ाने की अनुमति दे दी है। पेज़ेश्कियन ने ज़ोर देकर कहा कि उनके निर्देश निष्पक्ष और न्यायसंगत बातचीत के लिए थे, बशर्ते बातचीत बिना किसी धमकी या अवास्तविक मांगों के हो। आशीष दुबे / 04 फरवरी 2026