- टॉप कमांडर रमन्ना का 20 फीट ऊंचा स्मारक ध्वस्त सुकमा(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को एक और बड़ी प्रतीकात्मक सफलता मिली है। सुकमा जिले के गोगुंडा पहाड़ पर जवानों ने कार्रवाई करते हुए खूंखार नक्सली कमांडर और सेंट्रल कमेटी (CC) मेंबर रमन्ना के 20 फीट ऊंचे स्मारक को ध्वस्त कर दिया। गोगुंडा पहाड़ पिछले करीब 40 वर्षों से नक्सलियों का अजेय किला माना जाता था। नक्सलियों की मजबूत मौजूदगी के चलते इस इलाके में सुरक्षाबलों की पहुंच बेहद मुश्किल थी। लेकिन सीआरपीएफ की 74वीं बटालियन का नया कैंप स्थापित होने के बाद हालात पूरी तरह बदल गए हैं और अब यह क्षेत्र नक्सल प्रभाव से मुक्त हो चुका है। बताया जा रहा है कि टॉप नक्सली कमांडर रमन्ना की वर्ष 2020 में हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। इसके बाद नक्सलियों ने गोगुंडा की पहाड़ियों पर उसकी याद में यह विशाल स्मारक बनाया था, जिसे नक्सली प्रभाव और दहशत का प्रतीक माना जाता था। इस स्मारक को गिराने के लिए सीआरपीएफ की 74वीं बटालियन और कोबरा 201 बटालियन ने संयुक्त ऑपरेशन चलाया। जवानों ने इलाके को चारों ओर से घेरकर स्मारक को मलबे में तब्दील कर दिया। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि यह कार्रवाई केवल नक्सलियों के खिलाफ नहीं, बल्कि उनकी विचारधारा और डर के प्रतीकों को खत्म करने की दिशा में भी एक मजबूत कदम है। बस्तर के जंगलों में अब नक्सलियों का खौफ लगातार कमजोर पड़ता नजर आ रहा है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)04 फरवरी 2026