क्षेत्रीय
04-Feb-2026
...


- मसीहा बनकर जेठू के घर पहुंचे निगमायुक्त जबलपुर (ईएमएस)। नगर निगम प्रशासन के प्रति आमतौर पर धारणा कुछ अच्छी नहीं रहती है, लेकिन निगमायुक्त ने मानवीय संवेदना को पेश कर इस धारणा को बदल दिया| दरअसल निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार करिया पाथर निवासी जेठू वंशकार के बेबस और लाचार परिवार के लिए एक नई रोशनी बनकर पहुंचे| उन्होंने मौके पर डॉक्टरों की टीम बुलाकर न केवल जेठू का उपचार और परीक्षण कराया बल्कि मौके पर ही अधिकारियों को तलब कर जेठू की रुकी हुई पेंशन को तत्काल बहाल कराया। मौके पर बुलाई डॉक्टरों की टीम ............. जेठू वंशकार काफी समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे और आर्थिक तंगी के कारण इलाज करा पाने में असमर्थ थे। जब यह मामला निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त के संज्ञान में आया, तो उन्होंने बिना देर किए शासकीय चिकित्सक को फोन लगाया और जेठू का बेहतर उपचार के लिए अनुरोध किया। निगमायुक्त के अनुरोध पर जेठू के घर पहुंचकर डाक्टरों की टीम ने इलाज शुरू किया। इस मानवीय संवेदना को देखकर परिजनों के अलावा स्थानीय लोगों में भी खुशी और संवेदना के आंसू छलक पड़े। द्वार पहुंची निगम की टीम पेंशन शुरू............ सिर्फ इलाज ही नहीं, निगमायुक्त ने परिवार के भविष्य की सुरक्षा का भी ध्यान रखा। उन्होंने उपायुक्त श्रीमती अंकिता जैन और उनकी टीम को निर्देश देकर सीधे जेठू के घर भेजा। टीम ने मौके पर ही कागजी औपचारिकताएं पूरी कीं और जेठू की रुकी हुई पेंशन को तत्काल बहाल कराया। निगमायुक्त श्री अहिरवार ने बताया कि निगम प्रशासन का असली उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति की सेवा करना है। जेठू वंशकार के परिजनों में लौटी खुशी ही हमारी पूरी टीम के लिए सबसे बड़ा पुरस्कार है। सुनील साहू / मोनिका / 04 फरवरी 2026