क्षेत्रीय
04-Feb-2026
...


सिरोंज (ईएमएस। नगर के वार्ड क्रमांक 16 में स्थित कॉलोनी सारथी सिटी वन के निवासी इन दिनों गंभीर स्वास्थ्य संकट और गंदगी से जूझ रहे हैं। मंगलवार को कॉलोनी की महिलाओं और रहवासियों ने एसडीएम हरिशंकर विश्वकर्मा को ज्ञापन देकर आपबीती सुनाई। निवासियों ने बताया कि कॉलोनी के खाली प्लॉटों में नालियों का गंदा पानी जमा होने से पूरा इलाका बीमारियों का घर बन गया है। घरों में रिस रहा नाली का पानी, बैठ रहा फर्श- कॉलोनी की अनीता जोशी ने कहा कि उनके मकान के ठीक पीछे गंदे पानी का तालाब बन गया है। इस पानी के रिसाव (सीपेज) के कारण उनके घर का फर्श बैठ गया है और दीवारों में बड़ी-बड़ी दरारें आ गई हैं। रहवासियों ने बताया कि कमरों के फर्श हमेशा गीले रहते हैं, जिसके कारण उन्हें अपने छोटे बच्चों को दिन भर तख्त पर बिठाकर रखना पड़ता है। घर के बाहर गंदगी और पानी होने के कारण बच्चे खेल भी नहीं पा रहे हैं। बोरवेल से निकल रहा गंदा पानी, बच्चे पड़ रहे बीमार- कॉलोनी में सरकारी नल की सुविधा न होने के कारण लोग पूरी तरह बोरवेल पर निर्भर हैं। रहवासी जशोदा पाल, अनीता जोशी और सावित्री शर्मा ने बताया कि खाली प्लॉटों में जमा गंदा पानी अब जमीन के अंदर रिसकर बोरवेल तक पहुंच गया है। बोरवेल चलाने पर सफेद-भूरा और बदबूदार पानी निकल रहा है, जिसे पीने से बच्चे और बुजुर्ग लगातार बीमार पड़ रहे हैं। गंदगी का आलम यह है कि जमा पानी में मरे हुए जानवरों के कारण सड़ांध फैल रही है। निवासियों ने बताया कि कॉलोनी का पार्क भी अब कीचड़ और पानी से भर चुका है। एसडीएम ने दिया जांच का आश्वासन- एसडीएम हरिशंकर विश्वकर्मा ने महिलाओं को मौके पर ही भरोसा दिलाया कि वे नगर पालिका सीएमओ को भेजकर इसकी जांच कराएंगे। उन्होंने कहा कि कॉलोनाइजर और नगर पालिका के सहयोग से नालियों की निकासी का रास्ता निकाला जाएगा। ईएमएस / 4 फरवरी 2026