बालाघाट (ईएमएस). शहर में यातायात प्रबंधन और भारी वाहनों की नो-एंट्री के लिए समय निर्धारित कर लिया गया है। यह निर्णय पुलिस और व्यापारी संघ, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन व ट्रैक्टर संचालकों की बैठक में लिया गया है। पुलिस कंट्रोल रुम में आयोजित बैठक में सीएसपी मयंक तिवारी, थाना प्रभारी कोतवाली कामेश धुमकेती, यातायात थाना प्रभारी सूबेदार यीना राहंगडाले सहित अन्य मौजूद थे। बैठक में शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भारी वाहनों के शहर में प्रवेश के लिए समय निर्धारित किया गया है। जिसके अनुसार सुबह 7.30 से 9.30 बजे, 11 से 12 बजे, दोपहर में 1.30 से 3.30 बजे और शाम 4.30 से 8.30 बजे तक भारी वाहनों के लिए नो-एंट्री का समय निर्धारित किया गया है। तय समय में भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णत: प्रतिबंधित किया गया है। नो एंट्री के समय के अतिरिक्त अवधि में भी शहर के भीतर वाहनों की अधिकतम गति सीमा 20 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है। बैठक में पुलिस अधिकारियों ने निर्देश दिए है कि शहर में आवागमन के दौरान सभी वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करें। अपने वाहन से संबंधित वैध दस्तावेज साथ में रखे। नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। इस दौरान बालाघाट पुलिस ने आमजनों से सहयोग की अपील भी की है। भानेश साकुरे / 04 फरवरी 2026