क्षेत्रीय
04-Feb-2026


बालाघाट (ईएमएस). कलेक्टर मृणाल मीना ने कार्यों में लापरवाही बरतने पर कटंगी एसडीएम केसी ठाकुर, उनके रीडर निपेंद्र उंदीरवाडे और तहसीलदार राकेश प्रजापति को नोटिस जारी किया है। सभी से 3 दिनों के भीतर समक्ष में उपस्थित होकर अपना जवाब प्रस्तुत करने कहा गया है। समय सीमा में संतोषजनक जवाब नही मिलने पर एक पक्षीय कार्यवाही की जाएगी। कटंगी एसडीएम केसी ठाकुर को अभिलेख दुरुस्ती संबंधी आवेदन आरसीएमएस पोर्टल पर दर्ज न किया जाकर सीधे अधीनस्थ न्यायालय तहसीलदार की ओर जांच प्रतिवेदन के लिए प्रेषित करने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया है कि क्यों न इस लापरवाही के लिए उनके विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रस्तावित की जाए। कटंगी तहसील के ग्राम जराहमोहगांव निवासी हरलाल डहरवाल द्वारा अभिलेख दुरुस्ती के लिए 27 मई 2024 को आवेदन प्रस्तुत किया गया था और इस प्रकरण का निराकरण नही होने पर उसके द्वारा सीएम हेल्पलाइन में 9 जुलाई 2025 को शिकायत दर्ज करायी गई थी। कलेक्टर द्वारा 3 फरवरी को समक्ष में सुनवाई के दौरान पाया गया कि यह प्रकरण आरसीएमएस पोर्टल पर दर्ज नही किया गया है। राजस्व अधिकारियों की बैठक में निर्देश दिये जाने के बाद भी कटंगी एसडीएम न्यायालय एवं अधीनस्थ न्यायालयों में अपंजीकृत प्रकरण प्राप्त हुए है। जिसके कारण कटंगी एसडीएम को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। संशोधित आदेश नहीं देने पर तहसीलदार से मांगा जवाब इसी तरह कटंगी के नायब तहसीलदार एवं प्रभारी तहसीलदार राकेश प्रजापति को कारण बताओ नोटिस जारी किया है कि क्यों न उनके विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रस्तावित की जाए। 3 फरवरी को कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में कटंगी तहसील के ग्राम कालीमाटी निवासी फूलनबाई बोपचे द्वारा शिकायत की गई थी कि उसके जमीन पर अन्य लोगों द्वारा अवैध निर्माण कर निस्तारी रास्ता बंद कर दिया गया है। फूलनबाई बोपचे द्वारा 28 अप्रैल 2025 को तहसीलदार कटंगी के समक्ष निस्तारी रास्ता खुलवाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया गया है, जिस पर हल्का पटवारी द्वारा जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया और तहसीलदार कटंगी द्वारा 26 नवम्बर को आदेश पारित कर दिया गया, लेकिन इस आदेश में खसरा नम्बर 194/4 के स्थान पर 193/3 कर दिया गया था। इस पर फूलनबाई द्वारा 15 दिसम्बर 2025 को संशोधित आदेश पारित करने के लिए आवेदन किया गया था, लेकिन तहसील कार्यालय से फूलनबाई का प्रकरण गुम होने की जानकारी देकर तहसीलदार कटंगी द्वारा फूलनबाई को संशोधित आदेश नही दिया गया। कटंगी तहसीलदार न्यायालयीन प्रकरणों के निराकरण में अपने पदीय कर्तव्यों एवं दायित्व निर्वहन के प्रति घोर लापरवाही पाए जाने पर कलेक्टर मीना ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर 3 दिनों के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने कहा है। रीडर ने आरसीएमएस पोर्टल पर दर्ज नहीं किया था प्रकरण एसडीएम कटंगी के रीडर निपेंद्र उंदीरवाडे द्वारा ग्राम जराहमोहगांव के हरलाल के पैतृक संपत्ति संबंधित रिकार्ड सुधार के लिए प्रस्तुत आवेदन को आरसीएमएस पोर्टल पर दर्ज नहीं करने पर उसे कारण बताओ नोटिस जारी किया है कि क्यों न उसके विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाए। ग्राम जराहमोहगांव निवासी हरलाल द्वारा जमीन के रिकार्ड सुधार संबंधी आवेदन का निराकरण न होने पर सीएम हेल्पलाइन में शिकायत की गई थी। यह शिकायत 207 दिवस से अधिक समय से लंबित थी। 3 फरवरी को कलेक्टर मृणाल मीना द्वारा समक्ष में की गई सुनवाई के दौरान पाया गया कि यह प्रकरण आरसीएमएस पोर्टल पर दर्ज नही है। जिसके कारण एसडीएम कटंगी के रीडर निपेंद्र उंदीरवाडे को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। भानेश साकुरे / 04 फरवरी 2026