-नोट की क्वालिटी उत्तम ग्रेड की, इसे साधारण तौर पर पहचानना मुश्किल नई दिल्ली,(ईएमएस)। पाकिस्तान में छपे भारतीय नोट बड़े पैमाने पर नेपाल के रास्ते बिहार पहुंच रहे हैं। नेपाल सीमा पार कराकर इन नोटों को बिहार के बाजारों में पहुंचाया जा रहा है। छोटे नोट होने के कारण आसानी से मार्केट में खपाया जा रहा है। पाकिस्तानी एजेंट नेपालियों के साथ बिहार व उत्तर प्रदेश तस्करों के जरिए नकली नोट की खेप भेज रहे हैं। बिहार भेजे जा रहे नकली नोट की क्वालिटी उत्तम ग्रेड की मिली है। इसे साधारण तौर पर पकड़ना मुश्किल है। इसका फायदा उठाकर बाजारों में नकली नोट खपाया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बिहार एसटीएफ ने 30 जनवरी को मोतिहारी के हरैया थाना इलाके में नेपाल के बागमती प्रदेश के नकली नोट तस्कर तिलक बहादुर और बारा जिला के गमरगावा के रहने वाले सरोज कुमार को गिरफ्तार करने के बाद इसका खुलासा किया था। दोनों तस्करों के पास से 18 हजार 500 रुपए के जाली भारतीय नोट जब्त किए गए थे। पूछताछ के बाद मोतिहारी पुलिस ने सीतामढ़ी जिले के मेजरगंज से छह व मधुबनी के एक अन्य नकली नोट तस्करों को गिरफ्तार किया था। इनके पास से नकली नोट छपाई वाले कागज भी मिले। बता दें इससे पहले 29 जनवरी को बिहार एसटीएफ और एसएसबी की टीम ने सीमा पर मधुबनी के हरलाखी में स्थानीय नकली नोट तस्कर मुकेश महतो व सिलकर पंडित को 34 हजार 600 रुपए के जाली भारतीय नोट के साथ गिरफ्तार किया था। दोनों के पास से 173 पीस 200 रुपए के नकली नोट मिले थे। नोट की क्वालिटी व छपाई बेहतरीन थी कि उसे पहचान पाना आसान नहीं था। मधुबनी के नो मेन्स लैंड में मंगलवार को 14 लाख का जाली भारतीय नोट जब्त किए गए हैं। दो तस्करों को एसएसबी ने पकड़ा है। रिपोर्ट के मुताबिक लगातार नेपाल बॉर्डर इलाके से भारत में नकली नोट की खेप पहुंचने के बाद बिहार एसटीएफ ने मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, मोतिहारी, दरभंगा, मधुबनी आदि जिले की पुलिस को अलर्ट कर दिया है। तिरहुत रेंज के डीआईजी ने भी इसको लेकर वैशाली, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी और शिवहर जिले की पुलिस को सतर्क रहने और सूचना जुटाने का निर्देश दिया है। बड़े पैमाने पर नकली नोट और मादक पदार्थ की खेप नेपाल बॉर्डर से बिहार में भेजे जाने का सुराग मिलने के बाद बिहार एसटीएफ की विशेष टीम नेपाल बॉर्डर इलाके व आसपास के जिलों में सक्रिय हो गई है। मोतिहारी और मधुबनी में गिरफ्तार हुए नकली नोट तस्करों के पास से विशेष टीम ने 13 मोबाइल जब्त किए हैं। इन मोबाइल को खंगालने पर टीम को नकली नोट के बड़े नेटवर्क का सुराग मिला है। दर्जनों संदिग्धों की सूची बनाकर बिहार एसटीएफ कार्रवाई में जुटी है। नकली नोट के तस्करों के मोबाइल में नेपाल से लेकर बिहार और यूपी तक के नोट धंधेबाजों के सुराग मिलने की बात बताई जा रही है। सिराज/ईएमएस 05 फरवरी 2026