राज्य
05-Feb-2026
...


इन्दौर (ईएमएस) मंदिर में हुई चोरी की सनसनीखेज मामले में चोर भगवान के आभूषण और दान पेटी में रखे रूपए पैसे चुरा कर फरार हो गए। मामला चंदननगर थाना क्षेत्र का है। हालांकि चोरी की यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों कैद हो गई है। पुलिस के अनुसार श्री राम मंदिर ग्राम सिंहासा में हुई इस चोरी की वारदात का पता उस समय लगा जब आज सुबह पुजारी नरेंद्र पाठक मंदिर के पट खोलने पहुंचे, तो वहां लगे ताले टूटे हुए मिले। उन्होंने पहले क्षेत्रवासियों को सूचना दे फिर पुलिस को सूचना दी। चोरी की घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस के सामने क्षेत्र के रहवासियों में नाराजगी देखी गई। सूचना के बाद क्षेत्रवासी मंदिर परिसर में एकत्रित हो गए और पुलिस गश्त को लेकर सवाल उठाए। वहीं घटना के बारे में पुलिस को पूछताछ में पुजारी नरेंद्र पाठक ने बताया कि चोर मंदिर से भगवान के आभूषण और दान पेटी में रखे लगभग तीन लाख रुपये चुरा कर ले गये उन्होंने दान पेटी तोड़ने का भी प्रयास किया था। पुलिस ने मंदिर से कुछ दूरी पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला तो उनमें संदिग्ध चोरों की कुछ गतिविधियां कैद मिली हैं जिसमें वे बाइक से आते और जाते हुए नजर आ रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश कर रही है। आनंद पुरोहित/ 05 फरवरी 2026