राज्य
05-Feb-2026
...


रायगढ़(ईएमएस)। जिले के खरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बानीपाथर स्थित मंगल कार्बन प्लांट में बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। टायर रिसाइक्लिंग के दौरान बॉयलर में जोरदार धमाका होने से प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 8 लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिनमें एक 9 महीने का मासूम बच्चा भी शामिल है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज दूर तक सुनी गई। टायर गलाने की प्रक्रिया के दौरान अचानक हुए ब्लास्ट से निकली गर्म गैस और आग ने आसपास काम कर रहे मजदूरों को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते कई लोग बुरी तरह झुलस गए। घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार कई मजदूर 70 से 80 प्रतिशत तक झुलस चुके हैं, जिससे उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। खासकर 9 माह के बच्चे की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्लांट में पुराने टायरों को गलाकर कार्बन बनाने का काम चल रहा था। आशंका है कि बॉयलर में अत्यधिक दबाव बढ़ने या किसी तकनीकी खामी के कारण विस्फोट हुआ। पुलिस और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)05 फरवरी 2026