क्षेत्रीय
05-Feb-2026
...


धमतरी(ईएमएस)। जिले के पीपरछेड़ी (देमार) गांव में शासकीय भूमि पर कथित अतिक्रमण का मामला सामने आया है। इसे लेकर सरपंच आशनी साहू और उपसरपंच चोखा देशमुख ने कलेक्टोरेट पहुंचकर प्रशासन से अतिक्रमण हटाने की मांग करते हुए शिकायत दर्ज कराई। पंचायत प्रतिनिधियों के अनुसार गांव की शासकीय घास भूमि पर कुछ लोग अवैध कब्जा कर मकान निर्माण कर रहे हैं। पंचायत की ओर से धारा 56 के तहत विधिवत नोटिस भी जारी किया गया, लेकिन इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं रुका है। बताया गया कि 29 जनवरी को आयोजित ग्राम सभा में 22 कथित अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भी पारित किया गया है। पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाता, तो ग्राम पंचायत स्वयं कार्रवाई करने के लिए बाध्य होगी। साथ ही किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया जाएगा। मामले की जानकारी तहसीलदार और धमतरी एसडीएम को भी दे दी गई है।