- कई सालों से चल रहे थे फरार नई दिल्ली (ईएमएस)। दक्षिणी दिल्ली पुलिस ने एक विशेष अभियान में 13 उद्घोषित अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ये अपराधी एनआई एक्ट, चोरी, महिला उत्पीड़न और आबकारी अधिनियम जैसे विभिन्न मामलों में वर्षों से फरार थे। वसंत विहार, किशनगढ़ सहित कई थानों और विशेष टीमों ने तकनीकी व मैनुअल इंटेलिजेंस का उपयोग कर दिल्ली व उत्तर प्रदेश से इन्हें दबोचा। पुलिस ने कहा कि भगोड़ों के खिलाफ यह अभियान जारी रहेगा। दिल्ली में दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस ने अलग-अलग मामलों में वर्षों से फरार चल रहे 13 उद्घोषित अपराधी गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना वसंत विहार, किशनगढ़, आरके पुरम, वसंत कुंज नार्थ, सागरपुर, एएटीएस और स्पेशल स्टाफ की संयुक्त टीम द्वारा की गई। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी एनआई एक्ट, चोरी, सड़क दुर्घटना, महिला उत्पीड़न और दिल्ली आबकारी अधिनियम जैसे मामलों में वांछित थे। इन सभी आरोपियों को न्यायालयों द्वारा वर्ष 2022 से 2025 के बीच अलग-अलग तारीख में उद्घोषित अपराधी बताया गया था। पुलिस की विशेष टीम ने तकनीकी सर्विलांस, मेनुअल इंटेलिजेंस, स्थानीय पुलिस की मदद और गोपनीय सूचनाओं के आधार पर उपरोक्त अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ई-कोर्ट और ई-प्रिजन पोर्टल के माध्यम से रिकॉर्ड खंगालने के बाद लगातार छापामारी कर इन आरोपियों को दिल्ली व उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों से दबोचा गया। वहीं, गिरफ्तार आरोपियों में खालिल उर्फ खल्ली, बुध कुमारी, शानू, मदीना खातून, नेकराम, करतार, अशोक कुमार, प्रह्लाद, सलीम, जोशिम खान, मुकेश उर्फ कालू, कृष्ण और परवीन शामिल हैं। इनमें से कई आरोपी वर्षों पुराने मामलों में कोर्ट की प्रक्रिया से बचते हुए फरार चल रहे थे। स्पेशल स्टाफ और एएटीएस की टीमों ने चोरी के मामलों में वांछित ऐसे अपराधियों को भी पकड़ा है, जिनका आपराधिक इतिहास रहा है और जो पहले कई मामलों में संलिप्त रहे हैं। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/05/ फरवरी/2026