क्षेत्रीय
05-Feb-2026


बिलासपुर (ईएमएस)। रतनपुर के बेलतरा के पास मंगलवार की शाम दर्दनाक सडक़ हादसे में एक ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा मालवाहक वाहन की तेज और लापरवाही भरी ड्राइविंग के कारण हुआ। घटना के बाद आरोपी चालक वाहन मौके पर छोडक़र फरार हो गया। सूचना पर रतनपुर पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के पुत्र अरुण सोनवानी निवासी ग्राम जाली ने पुलिस को बताया कि 3 फरवरी की शाम करीब 7:52 बजे वह अपने घर पर था। तभी उसके छोटे भाई सतीष सोनवानी का फोन आया, जिसमें बताया गया कि उनके पिता संतोष सोनवानी का बेलतरा स्थित कृष्णा क्लॉथ स्टोर के पास एक्सीडेंट हो गया है। सूचना मिलते ही अरुण मौके पर पहुंचा, जहां उसके पिता सडक़ पर अचेत अवस्था में पड़े थे। उनके सिर और माथे पर गंभीर चोटें थीं और आसपास खून फैला हुआ था। मौके पर ही उनकी मौत हो चुकी थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मालवाहक वाहन क्रमांक सीजी 16 सीएच 4558 का चालक तेज रफ्तार और खतरनाक तरीके से वाहन चला रहा था। आसपास मौजूद लोगों ने उसे वाहन धीरे चलाने की चेतावनी भी दी, लेकिन चालक ने अनसुना करते हुए लापरवाही से वाहन चलाया और मृतक की मोटरसाइकिल एचएफ डीलक्स (सीजी 10 बीपी 0424) को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक बाइक को कुछ दूरी तक घसीटता हुआ ले गया। लोगों के दौड़ाने पर वह वाहन छोडक़र मौके से फरार हो गया। रतनपुर पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर लिया है। मनोज राज/योगेश विश्वकर्मा 05 फरवरी 2026