बिलासपुर (ईएमएस)। कोटा थाना क्षेत्र में पड़ोसियों के बीच चले आ रहे पुराने विवाद ने सोमवार को थाने के भीतर ही नया मोड़ ले लिया। वाहन पार्किंग को लेकर हुए विवाद के बाद दोनों पक्ष अपने-अपने परिवार और समर्थकों के साथ रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंचे, जहां माहौल एक बार फिर तनावपूर्ण हो गया। थाने के अंदर ही गालीगलौच, बदतमीजी और झूमा-झटकी शुरू हो गई, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। कोटा चंडी माता चौक के पास रहने वाले संतोष मिश्रा उर्फ छोटू महराज और राम सोनी के बीच वाहन पार्किंग को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इस दौरान संतोष उर्फ छोटू महराज ने राम सोनी पर तलवार से हमला किया। घटना के बाद दोनों पक्ष शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचे थे। थाने में मौजूद रहते हुए दोनों पक्षों के बीच फिर से कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते गालीगलौच और बदतमीजी में बदल गई। पुलिस स्टाफ ने कई बार समझाइश देकर शांति बनाए रखने का प्रयास किया, लेकिन दोनों पक्षों ने चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया और पूरे घटनाक्रम की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह को दी गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने थाने में हंगामा करने और शांति भंग करने के आरोप में दोनों पक्षों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2), 351(3), 221 एवं 194(1) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मनोज राज/योगेश विश्वकर्मा 05 फरवरी 2026