: हाईवे किनारे जंगल में फंदे पर लटका मिला शव, मोबाइल गायब कांकेर(ईएमएस)। जिला पुलिस कार्यालय में पदस्थ आरक्षक विकास कुमार दुग्गा (38) का शव नेशनल हाईवे किनारे पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास जंगल में पेड़ से फंदे पर लटका मिला। शव के घुटने जमीन से टिके होने और मोबाइल फोन गायब होने से मामला संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, बागोड़ निवासी आरक्षक विकास कुमार दुग्गा वर्तमान में पुलिस कार्यालय में पदस्थ थे और सिंगारभाट स्थित अपने मकान में रह रहे थे। वे 3 फरवरी की सुबह ड्यूटी पर जाने की बात कहकर बाइक से घर से निकले थे, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटे। मोबाइल फोन बंद मिलने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। बाद में पता चला कि वे उस दिन ड्यूटी पर भी नहीं पहुंचे थे। परिजन उनकी खोजबीन करते हुए कोंडागांव की ओर भी गए। इसी दौरान रायपुर-जगदलपुर मार्ग से कुछ दूरी पर जंगल में पेड़ से फंदे पर लटका उनका शव मिला। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस जांच में शव की पहचान आरक्षक विकास कुमार दुग्गा के रूप में हुई। उनका शव गमछे से बने फंदे पर लटका था, जिसे उनका ही बताया जा रहा है। पास में उनकी बाइक खड़ी मिली, लेकिन मोबाइल फोन नहीं मिला। एएसआई तेजेश्वर कश्यप ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा लिया गया है और रिपोर्ट का इंतजार है। मोबाइल गायब होने सहित अन्य संदिग्ध परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए हर एंगल से जांच की जा रही है। ईएमएस(राकेश गुप्ता)05 फरवरी 2026