कांकेर(ईएमएस)। जिले के चनार के पास हुए सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस को दी शिकायत में ग्राम मरदापोटी निवासी अनिल सलाम ने बताया कि वह अपने दोस्त दुर्गेश कुमेटी के साथ निजी काम से बाइक से झलियामारी गया था। दोपहर में दोनों वापस घर लौट रहे थे और बाइक दुर्गेश चला रहा था। चनार के बाजारपारा पुलिया के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अनिल दूर जा गिरा, जबकि दुर्गेश बाइक समेत ट्रक के नीचे आ गया। ट्रक चालक उसे कुछ दूरी तक घसीटता हुआ ले गया, जिससे दुर्गेश को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में अनिल सलाम के दोनों हाथों में चोटें आई हैं। शिकायत के अनुसार, टक्कर मारने वाला वाहन ट्रक जैसा था, जिसका नंबर स्पष्ट नहीं दिखा, लेकिन उसमें सीजी-19 या 17 तथा एलबी 8036 अंकित होने की आशंका जताई गई है। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामला दर्ज कर ट्रक और चालक की तलाश में जुट गई है।