बरेला के गौर हिनौतिया से पाटन के मादा गांव गया था : आरोपी अज्ञात जबलपुर (ईएमएस)। बुधवार देर रात अपने दोस्त की बारात में शामिल होने बरेला के गौर हिनौतिया ग्राम से पाटन के मादा गांव गए एक युवक की अज्ञात लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। शादी समारोह के बीच युवकों की किस बात को लेकर विवाद हुआ फिलहाल इसकी जानकारी किसी को नहीं है लेकिन बताया जाता है कि विवाद बारात में नाचने को लेकर हुआ था। पाटन थाना पुलिस ने मृतक के शव को गुरुवार को पीएम के लिए पहुंचाया तो वहीं रात में ही घटना स्थल का मुआयना कर सीसीटीवी फुटेज के साथ ही संदेहियों से पूछताछ आरंभ कर दी है। वारदात के संबंध में पाटन थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को जबलपुर रामपुर निवासी बबलू अहिरवार की बारात पाटन के ग्राम मादा पहुंची थी जिसमें बरेला के गौर हिनौतिया का रहने वाला 31 वर्षीय सुनील अहिरवार पिता शुकल अहिरवार भी गया था। रात लगभग 11:30 बजे बारात लग रही थी जिसमें डीजे में तेज आवाज में गाना बज रहा था। इसी दौरान सुनील का साथी कृष्णा अहिरवार बारात से कुछ दूर मंदिर के समीप पीपल के पेड़ के पास पहुंचा तो वहां सुनील जमीन पर लहूलुहान पड़ा था। इस पर कृष्णा ने मौके पर अपने साथी राकेश, महेश और अंकित को बुलाया तो सुनील कुछ बोलने की स्थिति में नहीं था। उसके पेट व पैरों से खून निकल रहा था। तत्काल ही 108 एम्बूलेंस से सुनील को उसके साथी स्थानीय स्वास्थ्य केन्द्र लेकर पहुंचे, जहां उसकी गंभीर हालत देख डॉक्टरों ने उसे मेडिकल रेफर कर दिया परंतु मेडिकल अस्पताल पहुंचने से पूर्व ही सुनील की मौत हो गई। मामले में एसडीओपी पाटन लोकेश डाबर ने बताया कि गौर हिनौतिया क्षेत्र का रहने वाला युवक शादी समारोह में शामिल होने ग्राम मादा आया था। उसे हमलावरों ने धारदार हथियार से चोट पहुंचाई है। वारदात का कारण और आरोपी अज्ञात हैं, पुलिस विस्तृत जांच-पड़ताल करते हुए आरोपी तक पहुंचने के हरसंभव प्रयास कर रही है। अजय पाठक / मोनिका / 05 फरवरी 2026/ 02.27