* 100 किमी/घंटा से ज्यादा स्पीड, लोहे के गेट और लाइट पोल से टकराई कार; तीन आरोपी फरार अहमदाबाद (ईएमएस)| शहर के वासणा इलाके में देर रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। चंद्रनगर बीआरटीएस बस ट्रैक पर गोवंश से भरी एक कार ने भीषण हादसा कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार 100 किमी/घंटा से भी अधिक थी। तेज रफ्तार के कारण चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार सीधे बीआरटीएस ट्रैक के लोहे के गेट और लाइट पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक के डिवाइडर और बस स्टैंड के ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा। हादसे के तुरंत बाद कार के एयरबैग खुल गए, जिससे वाहन वहीं रुक गया। कार रुकते ही उसमें सवार चार लोग बाहर निकलकर भागने लगे। जोरदार आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पीछा कर चार में से एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि तीन अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। जब स्थानीय लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त कार की जांच की तो वे चौंक गए। कार के अंदर बेहद क्रूरता और ठूंस-ठूंस कर चार गोवंश को बांधकर रखा गया था। आशंका जताई जा रही है कि गोवंश को कत्लखाने ले जाया जा रहा था, जिससे लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, गोवंश तस्करी की सूचना मिलने पर गोरक्षकों द्वारा कार का पीछा किया जा रहा था। पकड़े जाने के डर से चालक ने कार को अहमदाबाद के व्यस्त बीआरटीएस ट्रैक में डाल दिया और पीछा छुड़ाने के लिए खतरनाक तरीके से रफ्तार बढ़ा दी, जो अंततः भीषण हादसे में बदल गई। गनीमत रही कि उस समय ट्रैक पर कोई बस नहीं थी, वरना बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। पशु संरक्षण अधिनियम और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। फरार तीन आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। सतीश/05 फरवरी