- एकतरफा प्यार में नर्स को गोली मारी जबलपुर (ईएमएस)। सागर जिले के शाहगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में पदस्थ नर्स दीपशिखा की गोली मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि वारदात को अंजाम देने वाला कोई और नहीं बल्कि उसका मौसेरा भाई, पनागर निवासी सुशील आठ्या है। आरोपी एकतरफा प्रेम में पड़ा हुआ था और दीपशिखा से शादी करना चाहता था। पहचान होने के बाद सागर पुलिस जबलपुर पहुंचकर उसकी तलाश कर रही है और पनागर सहित आसपास के इलाकों में दबिश दी जा रही है। पुलिस के अनुसार जबलपुर जिले के पाटन क्षेत्र की रहने वाली 26 वर्षीय दीपशिखा करीब दो वर्षों से शाहगढ़ स्वास्थ्य केन्द्र में नर्स के पद पर कार्यरत थी। वह अस्पताल से लगभग 200 मीटर दूर किराए के कमरे में रहती थी। बताया जा रहा है कि उसका मौसेरा भाई सुशील आठ्या लंबे समय से उससे एकतरफा प्रेम करता था और शादी करना चाहता था। इस संबंध में उसने कई बार बात की, लेकिन दीपशिखा ने साफ इनकार कर दिया था। इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद भी हुआ और बाद में आरोपी ने हत्या की योजना बना ली। दिनभर की रेकी के बाद की वारदात .. जानकारी के मुताबिक आरोपी घटना वाले दिन शाहगढ़ पहुंचा और दिनभर क्षेत्र में घूमकर रेकी करता रहा। रात करीब 8 बजे दीपशिखा अपनी ड्यूटी पर जाने के लिए कमरे से पैदल अस्पताल की ओर निकली। अस्पताल गेट के पास आरोपी ने उसका हाथ पकड़ लिया। विरोध करने पर उसे धक्का देकर गिरा दिया और जेब से कट्टा निकालकर तीन फायर किए। एक गोली निशाना चूक गई, जबकि दो गोलियां दीपशिखा की पीठ में लगीं, जो दिल के पीछे तक पहुंच गईं। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। गोली चलने की आवाज सुनकर अस्पताल कर्मचारी और अन्य नर्सें बाहर आईं और आरोपी का पीछा किया, लेकिन वह जंगल की ओर भाग निकला। पहले भी की थी शिकायत .. बताया गया है कि आरोपी की लगातार हरकतों से परेशान होकर दीपशिखा ने जबलपुर के पाटन थाने में उसकी शिकायत भी की थी। दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया था, जहां माफी मांगने के बाद समझौता हो गया था। कुछ समय तक स्थिति सामान्य रही, लेकिन बाद में आरोपी फिर परेशान करने लगा। पुलिस के अनुसार बेरोजगार होने के कारण आरोपी अक्सर दीपशिखा को फोन कर शादी का दबाव बनाता था। परेशान होकर उसने उससे दूरी बना ली और बात करना बंद कर दिया, जिससे आरोपी आक्रोशित हो गया। परिजनों ने किया चक्काजाम….. घटना की सूचना मिलते ही जबलपुर से परिजन शाहगढ़ पहुंचे। आक्रोशित परिजनों ने सागर–कानपुर हाईवे पर चक्काजाम कर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझाइश देकर जाम समाप्त कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है। सुनील साहू / शहबाज / 05 फरवरी 2026