* 6 फरवरी को शहर में आयोजित होने वाला स्वच्छता महासंकल्प 2026 कोरबा (ईएमएस) ऊर्जाधानी कोरबा अब स्वच्छता के क्षेत्र में इतिहास रचने जा रहा है। 6 फरवरी को शहर में आयोजित होने वाला स्वच्छता महासंकल्प 2026 न केवल एक अभियान है, बल्कि उत्तराखंड के पिथौरागढ़ के रिकॉर्ड को तोड़कर ‘गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में नाम दर्ज कराने की एक बड़ी तैयारी है। वर्तमान में यह रिकॉर्ड उत्तराखंड के पिथौरागढ़ के नाम है, जहाँ एक घंटे में 7,500 लोगों ने हस्ताक्षर किए थे। कोरबा इस आंकड़े को दोगुना करने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतर रहा है। प्रशासन का अनुमान है कि लगभग 14,000 लोग इस महा-अभियान का हिस्सा बनेंगे। नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने महाराणा प्रताप नगर उद्यान का निरीक्षण किया, जहाँ 280 मीटर लंबा विशालकाय बैनर लगाया गया है। इस बैनर को 70 सेक्टरों में विभाजित किया गया है ताकि लोग बिना किसी अव्यवस्था के सुगमता से हस्ताक्षर कर सकें। महापौर संजू देवी राजपूत और सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने शहरवासियों से अपील की है कि वे भारी संख्या में पहुँचकर अपनी जागरूकता का परिचय दें। वरिष्ठ स्वच्छता अधिकारी डॉ. संजय तिवारी ने बताया कि आयोजन घंटाघर महाराणा प्रताप नगर उद्यान, कोरबा में 6 फरवरी को सुबह 10:00 बजे से शुरू होगा। 05 फरवरी / मित्तल