इन्दौर (ईएमएस) निगमायुक्त क्षितिज सिंघल द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत रंगवासा सिंदौडा स्थित ताप्ती परिसर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान फेस-1, 2 एवं 3 की आवासीय इकाइयों का अवलोकन कर फेस-2 में शेष निर्माण एवं विद्युतीकरण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त अर्थ जैन, उपायुक्त केशव सागर, श्रीमती संतोषी गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, निर्माण कार्य में संलग्न एजेंसी कंसल्टेंट एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। फेस-1 एवं फेस-3 में 1500 से अधिक परिवार निवासरत हैं। सामुदायिक भवन निर्माण में देरी एवं साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर रहवासियों की शिकायत पर संधारण एजेंसी को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए। इसके पश्चात पीएमएवाय 2.0 अंतर्गत प्रस्तावित फेस-4 एवं फेस-5 की डीपीआर एवं स्थल का निरीक्षण कर कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। आनंद पुरोहित/ 05 फरवरी 2026